Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
खटीमा को स्टेडियम-सर्किट हाउस की सौगात, CM धामी ने खोला नगर वन ऑक्सीजन पार्क; वेंडिंग जोन भी होगा विकसित

खटीमा को स्टेडियम-सर्किट हाउस की सौगात, CM धामी ने खोला नगर वन ऑक्सीजन पार्क; वेंडिंग जोन भी होगा विकसित

MP Breaking News 3 days ago

टीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा के नवनिर्मित नगर वन ऑक्सीजन पार्क का लोकार्पण किया। पार्क में पौधरोपण और निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने खटीमा के लिए छह विकास कार्यों की घोषणा भी की।

इनमें स्टेडियम और सर्किट हाउस के निर्माण से लेकर वेंडिंग जोन विकसित करने तक के काम शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकास के साथ पर्यावरण को बचाने की सोच पर आगे बढ़ रही है। नगर वन ऑक्सीजन पार्क भी इसी दिशा में एक प्रयास है, जहां लोगों को शहर के बीच स्वच्छ और हरा-भरा वातावरण मिल सकेगा।

खटीमा के लिए CM धामी ने की ये छह घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने नगर वन ऑक्सीजन पार्क का विस्तार करने और इसके लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने की बात कही। इसके साथ वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय को पार्क परिसर में स्थानांतरित करने, खटीमा में स्टेडियम, क्रियाशाला और सर्किट हाउस बनाने तथा वेंडिंग जोन विकसित करने की घोषणा की। पार्क के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं की सुविधा का भी ध्यान रखने को कहा और परिसर में पिंक शौचालय बनाने के निर्देश दिए।

आदि कैलाश जाने वालों के लिए काम आएगा सर्किट हाउस

खटीमा में सर्किट हाउस बनाने की घोषणा को मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और पर्यटन से जोड़ा। उन्होंने कहा कि व्यास वैली, पंचाचूली और आदि कैलाश की ओर जाने वाले पर्यटक और श्रद्धालु इस क्षेत्र से गुजरते हैं। उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए खटीमा में सर्किट हाउस बनाया जाएगा। नगर वन ऑक्सीजन पार्क के विस्तार के लिए भी सरकार वित्तीय सहायता उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों से पार्क को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

'इकोलॉजी और इकोनॉमी एक-दूसरे के विरोधी नहीं'

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच जंगल और पर्यावरण का महत्व और बढ़ गया है। विकास और पर्यावरण यानी इकोनॉमी और इकोलॉजी को एक-दूसरे के विरोध में देखने की जरूरत नहीं है, बल्कि दोनों के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि आर्थिक गतिविधियां इस तरह आगे बढ़नी चाहिए कि प्रकृति और पर्यावरण सुरक्षित रहें और आने वाली पीढ़ियों के लिए रोजगार तथा आजीविका के स्थायी अवसर भी तैयार हों।

EV, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और सोलर एनर्जी पर फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए उत्तराखंड में इलेक्ट्रिक वाहनों, उनके चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। राज्य सरकार की कोशिश विकास की रफ्तार बनाए रखते हुए पर्यावरण के साथ संतुलन कायम रखने की है।

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने नगर वन ऑक्सीजन पार्क के विस्तार और वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय को पार्क परिसर में स्थानांतरित कर नया कार्यालय बनाने की मांग रखी।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासन और वन विभाग के अधिकारी तथा स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: MP Breaking News