Dailyhunt
पंचकूला में निगम चुनाव में निर्दलीय- BJP प्रत्याशी समर्थक के बीच चले लात-घूंसे, एक का सिर फूटा, दूसरे के हाथ में आई चोट

पंचकूला में निगम चुनाव में निर्दलीय- BJP प्रत्याशी समर्थक के बीच चले लात-घूंसे, एक का सिर फूटा, दूसरे के हाथ में आई चोट

MP Breaking News 2 weeks ago

पंचकूला में नगर निगम चुनाव का माहौल गरमाया हुआ है। इसी गहमागहमी के बीच शनिवार रात निर्दलीय और भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों के बीच जमकर मारपीट हुई। पोस्टर फाड़ने के विवाद ने यह हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक समर्थक का सिर फूट गया, जबकि दूसरे के हाथ में गंभीर चोट आई है।

घटना के बाद दोनों पक्षों ने सेक्टर-19 पुलिस चौकी में अपनी-अपनी शिकायतें दर्ज कराई हैं।

दरअसल पंचकूला के वार्ड 9 से निर्दलीय प्रत्याशी ममता रविकांत स्वामी ने घटनाक्रम के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देर रात उनके बेटे के पास एक दोस्त का फोन आया था। दोस्त ने बताया कि भाजपा कार्यालय के पास एक दुर्घटना हो गई है और उसे लेने के लिए आना होगा। जब उनका बेटा मौके पर पहुंचा, तो उसने दुर्घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। वीडियो बनाते देख भाजपा के समर्थक आक्रोशित हो गए। समर्थकों ने उनके बेटे को भाजपा कार्यालय के अंदर ले जाकर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद, उनके परिचित भी वहां पहुंचे, जिनके साथ भी झगड़ा हुआ। इस झगड़े में ममता रविकांत स्वामी के भाई का सिर फूट गया।

चुनावी पोस्टर फाड़े गए

वहीं, भाजपा प्रत्याशी हरेंद्र मलिक ने घटना का दूसरा पहलू पेश किया। उनके अनुसार, दिन के समय उनके चुनावी पोस्टर फाड़े गए थे। रात में निर्दलीय उम्मीदवार का बेटा उनके कार्यालय के पास आकर वीडियोग्राफी करने लगा। जब उसे ऐसा करने से रोका गया, तो वहीं पर झगड़ा शुरू हो गया। हरेंद्र मलिक ने बताया कि निर्दलीय प्रत्याशी का बेटा रामगढ़ क्षेत्र से कुछ लड़कों को अपने साथ लेकर आया था। इस मारपीट में भाजपा समर्थक नवीन के हाथ में फ्रैक्चर आया है, जबकि महिला निर्मला देवी को भी चोटें लगी हैं।

लिखित शिकायतें प्राप्त नहीं हुई

सेक्टर-19 चौकी इंचार्ज मलकीत सिंह ने इस मामले पर पुलिस की कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभी तक दोनों पक्षों की ओर से लिखित शिकायतें प्राप्त नहीं हुई हैं। पुलिस को जानकारी मिली है कि एक युवक को सिर में चोटें आई हैं और एक अन्य के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। मलकीत सिंह ने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने के बाद दोनों तरफ की शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

पंचकूला शहर के वार्ड-9 में राजनीतिक समीकरण भी काफी दिलचस्प हैं। इस वार्ड में सेक्टर-19 और इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 का क्षेत्र आता है। यहां पर विभिन्न बिरादरी के मतदाताओं की संख्या लगभग एक जैसी है, जो चुनाव को और भी चुनौतीपूर्ण बनाती है। भाजपा ने इस वार्ड से जाट चेहरे हरेंद्र मलिक को अपना प्रत्याशी बनाया है। हरेंद्र मलिक पिछली बार वार्ड 8 से पार्षद चुने गए थे, जिससे उनकी राजनीतिक पकड़ मजबूत मानी जाती है। कांग्रेस ने इस वार्ड से सुरेंद्र सिंह को उम्मीदवार बनाया है, जबकि आईएनएलडी ने नवल किशोर जायसवाल पर दांव खेला है। आम आदमी पार्टी की ओर से दिनेश ढांडा चुनावी मैदान में हैं। इसके अतिरिक्त, ममता रविकांत स्वामी और सुखबीर सिंह जैसे निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। पिछली बार के चुनाव में भाजपा-जेजेपी के प्रत्याशी राजेश कुमार ने 485 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी। वार्ड में कुल 4675 पुरुष मतदाता और 4341 महिला मतदाता हैं, जिनकी कुल संख्या 9016 है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: MP Breaking News