Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
गोंदिया: पिता की बेज्जती का खूनी बदला , फर्श के पत्थर से युवक का कत्ल

गोंदिया: पिता की बेज्जती का खूनी बदला , फर्श के पत्थर से युवक का कत्ल

Nagpur Today 1 week ago

गोंदिया। शहर के रामनगर थाना क्षेत्र में देर रात एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया। अपने पिता के साथ गाली-गलौज और बदसलूकी का बदला लेने के लिए एक बेटे ने कानून और इंसानियत की सारी हदें पार कर दीं।

युवक के सिर पर फर्श के भारी पत्थर से दनादन वार कर उसे मौके पर ही हमेशा के लिए मौत की नींद सुला दिया।


बाप से बदसलूकी बर्दाश्त नहीं हुई

​दिल दहला देने वाली यह वारदात 28 अगस्त की देर रात करीब 12:30 बजे अंगूर बगीचा रोड (मोहबे हॉस्पिटल के निकट) स्थित एकदन्त कॉलोनी के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, ग्राम नवाटोला पोस्ट- नागरा निवासी मिथुन भैय्यालाल ठाकरे (32) शराब के नशे में धुत था। उसने आरोपी संदीप मेश्राम (42, निवासी कटंगीकला) के पिता देवदास की कॉलर पकड़ ली और धक्का-मुक्की करते हुए भद्दी-भद्दी गालियां देने लगा।
​अपने बुजुर्ग पिता के साथ हो रही इस सरेआम बदसलूकी को देखकर संदीप का खून खौल उठा। गुस्से में आगबबूला संदीप ने आव देखा न ताव, पास में पड़ा फर्श का भारी पत्थर उठाया और सीधे मिथुन के सिर पर दे मारा। हमला इतना जबरदस्त और घातक था कि मिथुन लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़ा और देखते ही देखते मौके पर ही तड़प-तड़प कर उसकी जान चली गई।

​पुलिस महकमे में हड़कंप ' आरोपी शिकंजे में

​आधी रात को हुए इस नृशंस हत्याकांड की खबर मिलते ही गोंदिया पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। उपविभागीय पुलिस अधिकारी (SDPO) दिनेशचंद्र शुक्ला और रामनगर थाने के पुलिस निरीक्षक तिरुपति राणे पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।


​पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया और हत्या में प्रयुक्त फर्श का भारी पत्थर भी मौके से बरामद कर लिया।
मृतक के भाई निलेश्वर भैय्यालाल ठाकरे की शिकायत पर रामनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संदीप मेश्राम के खिलाफ अपराध क्रमांक 467/2026, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। वारदात के बाद इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है और फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में व शांत है।

रवि आर्य

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Nagpur Today Hindi