Dailyhunt
13 मार्च का इतिहास: जलियांवाला बाग का बदला हुआ पूरा, जब ऊधम सिंह ने लंदन में माइकल ओ' डायर को गोलियों से भूना

13 मार्च का इतिहास: जलियांवाला बाग का बदला हुआ पूरा, जब ऊधम सिंह ने लंदन में माइकल ओ' डायर को गोलियों से भूना

नवभारत 1 month ago

Udham Singh Killed Michael O’Dwyer: भारत के स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास कई वीर बलिदानों से भरा है, लेकिन कुछ घटनाएं ऐसी हैं जो रोंगटे खड़े कर देती हैं। 13 मार्च की तारीख इतिहास के पन्नों में सुनहरे और साहसी अक्षरों में दर्ज है।

आज ही के दिन साल 1940 में, भारत माता के वीर सपूत ऊधम सिंह ने सात समंदर पार लंदन के कैक्सटन हॉल में जाकर जलियांवाला बाग नरसंहार के मुख्य दोषी माइकल ओ’ डायर को गोली मारकर अपनी प्रतिज्ञा पूरी की थी।

21 साल का लंबा इंतजार और बदले की आग

13 अप्रैल 1919 को अमृतसर के जलियांवाला बाग में हुए उस वीभत्स हत्याकांड ने ऊधम सिंह के मन पर गहरा घाव किया था। निहत्थे हिंदुस्तानियों पर गोलियां चलवाने का आदेश देने वाले जनरल डायर और तत्कालीन लेफ्टिनेंट गवर्नर माइकल ओ’ डायर को सजा देने के लिए ऊधम सिंह ने सालों तक सही मौके का इंतज़ार किया। वे अलग-अलग देशों से होते हुए और विभिन्न नाम बदलकर आखिरकार लंदन पहुंचे। 13 मार्च 1940 को एक मीटिंग के दौरान उन्होंने अपनी किताब में छिपाई हुई रिवॉल्वर निकाली और ओ’ डायर पर गोलियां दाग दीं।

डर कर भागे नहीं, सीना तानकर दी गिरफ्तारी

इस घटना के बाद ऊधम सिंह वहां से भागे नहीं। उन्होंने बहादुरी के साथ गिरफ्तारी दी और अदालत में अपना नाम ‘राम मोहम्मद सिंह आजाद’ बताया, जो भारत की एकता का प्रतीक था। 31 जुलाई 1940 को उन्हें फांसी दे दी गई, लेकिन उनकी शहादत ने भारतीय क्रांतिकारियों में एक नई ऊर्जा भर दी।

देश-दुनिया के इतिहास में 13 मार्च की तारीख में दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:

1781: खगोलशास्त्री विलियम हर्शेल ने यूरेनस ग्रह का पता लगाया।

1878 : भारतीय भाषाओं के लिए देसी प्रेस अधिनियम (वर्नाकुलर प्रेस एक्ट) पारित किया गया। इसके अगले ही दिन अमृत बाजार पत्रिका को अंग्रेजी पत्र के रूप में प्रकाशित किया जाने लगा।

1881: रूसी शासक अलेक्जेंडर द्वितीय की हत्या।

1940 : पंजाब के पूर्व लेफ्टिनेंट गवर्नर माइकल ओ’ डायर को लंदन में उधम सिंह ने गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। इसे 1919 के जलियांवाला बाग के नरसंहार के प्रतिशोध के तौर पर देखा गया।

1956: न्यूजीलैंड ने टेस्ट क्रिकेट खेलने का दर्जा मिलने के 26 साल बाद अपनी पहली जीत हासिल की।

1963 : विभिन्न खेलों में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार प्रदान करने का ऐलान किया गया।

1992: तुर्किये में आये भूकंप से लगभग 500 लोगों की मौत हो गई और हजारों लोग बेघर हो गए।

2004: भारतीय शास्त्रीय संगीत की महान विभूति प्रसिद्ध सितार वादक उस्ताद विलायत खां का निधन।

2013: कैथलिक चर्च के 266वें पोप के रूप में पोप फ्रांसिस का चयन।

2018: छत्तीसगढ़ के सुकमा में नक्सलियों के हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के नौ जवान शहीद।

2024: नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल ‘प्रचंड’ ने संसद में विश्वास मत हासिल किया।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: NavaBharat