Amravati MLC Election Viplav Bajoria Nomination Cancelled: महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव की सरगर्मियों के बीच अमरावती निर्वाचन क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना और महायुति गठबंधन से बगावत कर चुनावी मैदान में उतरे निर्दलीय उम्मीदवार विप्लव बाजोरिया को बड़ा झटका लगा है।
अमरावती के कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष येरेकर ने बाजोरिया का नामांकन पत्र रद्द कर दिया है। इस फैसले के बाद अब अमरावती सीट के लिए होने वाले मुकाबले में केवल 4 प्रत्याशी ही मैदान में रह गए हैं।
शपथपत्र की गलतियों ने बिगाड़ा बाजोरिया का खेल
मंगलवार को करीब दो घंटे चली सुनवाई के बाद अमरावती जिलाधिकारी व निर्वाचन अधिकारी आशीष येरेकर ने निर्दलीय उम्मीदवार विप्लव बाजोरिया का नामांकन पत्र रद्द कर दिया। इसके साथ ही चुनावी मैदान में अब केवल 4 प्रत्याशी शेष रह गए हैं। बाजोरिया के नामांकन पत्र के साथ दाखिल शपथपत्र में कथित त्रुटियों और अधूरी जानकारी को लेकर विरोधी उम्मीदवारों ने आपत्ति दर्ज कराई थी, जिस पर मंगलवार शाम सुनवाई हुई।
विप्लव बाजोरिया महायुति में शिंदे की शिवसेना से बगावत कर अमरावती से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरे थे, उनके नामांकन पत्र के साथ दाखिल 11 पन्नों के शपथपत्र पर गंभीर सवाल उठाए गए। शपथपत्र में आवश्यक जानकारी अधूरी है तथा अंतिम पृष्ठ पर हस्ताक्षर नहीं हैं।
बाजोरिया को मिला था 9 पार्षदों का समर्थन
इसी बीच अंजनगांव नगर परिषद के 9 पार्षदों ने बाजोरिया का समर्थन किया है। इनमें शिंदे सेना के 3, समाजवादी पार्टी का 1 तथा शिवसेना (युबीटी) के 5 पार्षद शामिल हैं। ऐसे में जहां बाजोरिया को राजनीतिक समर्थन से मजबूती मिली थी। वहीं नामांकन पर रद्द होने के कारण अब वे मुकाबले से बाहर हो गए हैं।
अब मैदान में 4 उम्मीदवार
अमरावती विधान परिषद सीट से चुनाव में प्रमुख राजनीतिक दलों सहित कुल पांच उम्मीदवारों ने अंतिम दिन अपना नामांकन भरा था। बाजोरिया का नामांकन रद्द होने के बाद अब अमरावती में 4 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा।
अमरावती विधान परिषद सीट पर जपा के प्रवीण पोटे पाटिल, कांग्रेस के हर्षजीत देशमुख, वंचित बहुजन आघाड़ी के डॉ. नीलेश विश्वकर्मा और निर्दलीय उम्मीदवार प्रशांत महल्ले के बीच मुकाबला होगा।

