Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
भारी बारिश के बीच प्रयागराज में भरभराकर गिरा 3 मंजिला मंदिर, बाल-बाल बचे लोग, सामने आया डराने वाला VIDEO

भारी बारिश के बीच प्रयागराज में भरभराकर गिरा 3 मंजिला मंदिर, बाल-बाल बचे लोग, सामने आया डराने वाला VIDEO

Prayagraj Swaminarayan Temple Collapse: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शुक्रवार रात भारी बारिश के बीच स्वामीनारायण मंदिर का एक हिस्सा गिर गया। तेज आवाज के साथ स्वामीनारायण का तीन मंजिला हिस्सा भरभराकर गिरा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

गनीमत की बात यह रही कि रात का समय होने के कारण मंदिर में कोई मौजूद नहीं था। बताया जा रहा है कि जिस हिस्से को नुकसान पहुंचा, उसका इस्तेमाल मुख्य रूप से मेहमानों के ठहरने के लिए किया जाता था।

मंदिर के पास खोदा गया था बड़ा गड्ढा

मिली जानकारी के अनुसार, मंदिर के पास में ही एक इमारत बनाने के लिए बड़ा गड्ढा खोदा गया था। प्रयागराज में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण भारी मात्रा में पानी जमा हो गया। पानी जमा होने से मिट्टी धंस गई, जिससे मंदिर का हिस्सा गिर गया। इस घटना में किसी के भी हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है।

अपने आप गिर गया मंदिर

एक प्रत्यक्षदर्शी, मोइन अली ने बताया, कि, "यह स्वामीनारायण मंदिर है। कल नमी के कारण यह अपने आप गिर गया। इसके बगल में एक गड्ढा था जहां तीन अपार्टमेंट बनने वाले थे और वहां अक्सर पानी जमा हो जाता था। कल बारिश के कारण रात करीब 11 बजे मंदिर का हिस्सा गिर गया। गनीमत रही कि उस समय अंदर कोई नहीं था।"

मोईन अली ने बताया कि बगल में ही हम लोग रहते हैं। घटना के बाद हम लोगों में काफी डर का माहौल है।

जांच में जुटी प्रयागराज पुलिस

इस घटना के बारे में मंदिर के सुरक्षा गार्ड सूबेदार सिंह ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वामी नारायण मंदिर केपी कम्युनिटी सेंटर के सामने जार्ज टाउन थाना क्षेत्र में स्थित है। यहां पर रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु आकर ठहरते थे। मंदिर के इह हिस्से का उपयोग धर्मशाला के रूप में किया जाता था। खास तौर पर साउथ इंडिया से श्रद्धालु आकर यहां ठहरते है।

प्रयागराज पुलिस और मंदिर प्रशासन इस मामले की जांच में जुट गया है। हादसे में कोई जनहानि की खबर नहीं मिली है। यह घटना कैसे हुई इसकी जांच जारी है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए प्रशासन तैयार है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: NavaBharat