AI predicts the IPL 2026 Champion: आईपीएल जैसे ही शुरू होता है, सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि इस बार ट्रॉफी कौन उठाएगा। दस टीमों के बीच यह भविष्यवाणी करना आसान नहीं होता, लेकिन इस बार एआई ने संभावित विजेताओं को लेकर दिलचस्प अनुमान लगाया है।
खास बात यह है कि इस सूची में पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स को जगह नहीं मिली है, जिसने फैंस को चौंका दिया है।
चार टीमों को बताया सबसे मजबूत दावेदार
एआई टूल गूगल जेमिनी के अनुसार आईपीएल 2026 में चार टीमें खिताब जीतने की प्रबल दावेदार हैं। इनमें मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स शामिल हैं। एआई ने इन टीमों के स्क्वॉड, संतुलन और हालिया प्रदर्शन के आधार पर यह भविष्यवाणी की है।
मुंबई इंडियंस और आरसीबी की मजबूत दावेदारी
एआई के मुताबिक मुंबई इंडियंस इस बार खिताब जीतने की सबसे बड़ी दावेदार है। टीम के पास रोहित शर्मा, हार्दिक पांड्या, सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह जैसे अनुभवी खिलाड़ी हैं, जो मैच का रुख पलट सकते हैं। वहीं आरसीबी भी डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में मैदान में उतरेगी। रजत पाटीदार की कप्तानी में टीम के पास विराट कोहली, भुवनेश्वर कुमार और फिल साल्ट जैसे मैच विनर खिलाड़ी मौजूद हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स भी रेस में
सनराइजर्स हैदराबाद को भी एआई ने संतुलित टीम बताया है। हालांकि शुरुआती मैचों में पैट कमिंस की गैरमौजूदगी चुनौती बन सकती है, लेकिन ईशान किशन की कप्तानी में टीम अच्छा प्रदर्शन कर सकती है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स की बात करें तो अक्षर पटेल की अगुवाई में टीम का संतुलन मजबूत नजर आता है। केएल राहुल के आने से बल्लेबाजी मजबूत हुई है, जबकि मिचेल स्टार्क और कुलदीप यादव जैसे गेंदबाज टीम को बढ़त दिला सकते हैं।
मुंबई इंडियंस सबसे आगे
जब एआई से एक टीम चुनने को कहा गया, तो उसने मुंबई इंडियंस को सबसे बड़ा दावेदार बताया। टीम के पास मजबूत बल्लेबाजी के साथ जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट की घातक गेंदबाजी जोड़ी है। दीपक चाहर की मौजूदगी से टीम और भी मजबूत हो जाती है।
: CCTV पर पुलिस का पहरा और AI का 'कवच', जानें क्यों RCB को अपनी तिजोरी से खर्च करने पड़े 7 करोड़?
सीएसके क्यों नहीं है इस लिस्ट में?
एआई के अनुसार चेन्नई सुपर किंग्स इस बार उतनी मजबूत नजर नहीं आ रही है। टीम के पास डेथ ओवर्स में प्रभावी गेंदबाजों की कमी है। नाथन ऐलिस के चोटिल होने से यह कमजोरी और बढ़ गई है। खलील अहमद और मैट हेनरी शुरुआत में अच्छे हैं, लेकिन अंत के ओवरों में महंगे साबित हो सकते हैं। इसके अलावा रवींद्र जडेजा जैसे ऑलराउंडर की कमी भी टीम को खल सकती है। ऐसे में एआई ने सीएसके को संभावित विजेताओं की सूची से बाहर रखा है।

