Highest Successful IPL Run-Chases: आईपीएल 2026 का शानदार आगाज हो चुका है। मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2026 के दूसरे मुकाबले में रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 6 विकेट से हराया।
मुंबई की धमाकेदार जीत के नायक रोहित शर्मा और रयान रिकल्टन रहे। वानखेड़े के मैदान पर मुंबई ने आईपीएल में अपना सबसे बड़ा रन चेज सफलतापूर्वक हासिल करते हुए इतिहास रचा दिया।
केकेआर से मिले 221 रनों के लक्ष्य को मुंबई इंडियंस ने 19.1 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल किया। मुंबई ने अपना पांच साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। साल 2021 में मुंबई ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 219 रनों के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल किया था। यह आईपीएल इतिहास का छठा सबसे बड़ा रन चेज भी है।
IPL में सबसे सफल रन चेज
- 262 – PBKS बनाम KKR, कोलकाता, 2024
- 246 – SRH बनाम PBKS, हैदराबाद, 2025
- 228 – RCB बनाम LSG, लखनऊ, 2025
- 224 – RR बनाम PBKS, शारजाह, 2020
- 224 – RR बनाम KKR, कोलकाता, 2024
- 221 – MI बनाम KKR, वानखेड़े, 2026*
मुकाबले का हाल
कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने 20 ओवर में 4 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 220 रन लगाए। टीम की तरफ से कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 40 गेंदों में 67 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं, फिन एलन ने महज 17 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 37 रन बनाए। अंगकृष रघुवंशी ने 175 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 29 गेंदों में 51 रन बनाए। वहीं, अंत के ओवरों में रिंकू सिंह ने 21 गेंदों में नाबाद 33 रन बनाए।
रोहित और रिकल्टन के बीच 148 रनों की साझेदारी
मुंबई को रोहित शर्मा और रयान रिकेल्टन ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए मिलकर 11.5 ओवर में 148 रन जोड़े। रोहित-रिकेल्टन के आगे केकेआर के गेंदबाज पूरी तरह से बेबस नजर आए। रोहित शर्मा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 205 के स्ट्राइक रेट से 38 गेंदों में 78 रनों की दमदार पारी खेली। रोहित ने अपनी इस पारी में 6 चौके और 6 छक्के लगाए।
रिकल्टन ने खेली 81 रनों की पारी
वहीं, रिकल्टन भी शानदार लय में दिखाई दिए और उन्होंने 43 गेंदों में 188 के स्ट्राइक रेट से 43 गेंदों में 81 रन बनाए। रिकल्टन ने 4 चौके और 8 छक्के लगाए। तिलक वर्मा ने 14 गेंदों में 20 रनों का योगदान दिया, जबकि कप्तान हार्दिक पांड्या 11 गेंदों में 18 रन बनाकर नाबाद रहे। जबकि सूर्यकुमार यादव ने 16 रन बनाए। मुंबई ने 13 साल बाद आईपीएल सीजन का आगाज जीत के साथ किया है।

