Devendra Fadnavis On Climate Change: राज्य में पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन निपटने और गांव में रोजगार पैदा करने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने हरित महाराष्ट्र मिशन चलाने का फैसला किया है।
इस अभियान के तहत इस साल 2026 से 2031 तक राज्य में 300 करोड़ पेड़ लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस क्षेत्र के विशेषज्ञों और सामाजिक संगठनों को शामिल कर अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया है। महाराष्ट्र में हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री फडणवीस की अध्यक्षता में सोमवार को वर्षा बंगले पर समीक्षा बैठक आयोजित की गी थी।
सीएम का आदेश, पहले साल 20 करोड़ पेड़ लगाए जाने चाहिए
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में वन क्षेत्र को 33 प्रतिशत तक बढ़ाने के लिए इस प्रोग्राम को मिशन मोड पर चलाया जाना चाहिए। इस प्रोग्राम को संचालित करने के लिए कैबिनेट की बैठक में हरित महाराष्ट्र अथॉरिटी बनाने का प्रस्ताव पेश किया जाना चाहिए।
सरकारी विभाग, विभिन्न संगठन और इस क्षेत्र के स्टार्टअप को इस कैंपेन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए, स्टार्टअप इकोसिस्टम बनाकर रोजगार पैदा किया जा सकता है। मराठवाड़ा जैसे कम हरित इलाकों में प्राथमिकता के साथ लागू किया जाए, पहले साल 20 करोड़ पेड़ लगाए जाने चाहिए, इसमें बांस और सागौन के पौधे लगाए जाने वाहिए। पौधे तैयार करने में सरकारी नर्सरी, निजी नर्सरी और सेल्फ हेल्प ग्रुप का सहयोग लिया जाए। ग्रामीण अंचलों में किसानों, युवाओं और महिलाओं को इस मिशन में शामिल किया जाना चाहिए।
नियमित होगी मॉनिटरिंग
- ‘मित्र’ के सीईओ प्रवीण परदेशी ने बताया कि इस मिशन के तहत राज्य के एग्रो-क्लाइमेटिक जोन के हिसाब से सिर्फ लोकल इकोसिस्टम के लिए उपयुक्त पेड़ लगाए जाएंगे।
- घास के मैदानों और दलदली जमीन में पेड़ लगाने के बजाय उन्हें ठीक किया जाएगा। मिशन को डिजिटल और सैटेलाइट-बेस्ड रियल-टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिए लागू किया जाएगा। पौधों के रखरखाव और उनकी ग्रोथ को नियमित मॉनिटर किया जाएगा।

