Araria Double Murder Case: बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ सब्जी मंडी में महज गाड़ी खड़ी करने (पार्किंग) के विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि दो लोगों की जान चली गई।
पहले एक सत्तू विक्रेता ने पिकअप ड्राइवर की बेरहमी से हत्या की, जिसके बाद उग्र भीड़ ने आरोपी को पुलिस के चंगुल से छुड़ाकर ‘ऑन द स्पॉट’ मौत की सजा दे दी।
घटना गुरुवार सुबह की है, जब पिकअप चालक नबी हुसैन मंडी में सब्जी लेने आया था। गाड़ी खड़ी करने को लेकर उसका विवाद स्थानीय सत्तू विक्रेता राहुल चौहान से हो गया। बहस इतनी बढ़ी कि राहुल ने अपना आपा खो दिया और पास रखे धारदार चाकू से नबी हुसैन की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमला इतना भीषण था कि ड्राइवर का सिर धड़ से लगभग अलग हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
भीड़ ने पुलिस के सामने की लिंचिंग
ड्राइवर की नृशंस हत्या देख मंडी में मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब आरोपी राहुल चौहान को गिरफ्तार कर ले जाने की कोशिश की, तो सैकड़ों की संख्या में मौजूद भीड़ ने पुलिस पर धावा बोल दिया। भीड़ ने राहुल को पुलिस कस्टडी से बाहर खींच लिया और लाठी-डंडों व लात-घूसों से उसकी जमकर पिटाई की। बिहार पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद भीड़ नहीं रुकी और आरोपी राहुल चौहान ने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक पिकअप ड्राइवर नबी हुसैन के बड़े भाई ने बताया कि नबी की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। वह रोज की तरह मंडी आया था। नबी अपने पीछे तीन छोटे बच्चों (दो लड़के और एक लड़की) को छोड़ गया है। परिजनों ने प्रशासन से न्याय और मुआवजे की मांग की है।
इलाके में तनाव और भारी पुलिस बल तैनात
एक ही स्थान पर दो हत्याओं (डबल मर्डर) के बाद फारबिसगंज इलाके में सन्नाटा पसर गया है और बाजार बंद हैं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अररिया पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस उन लोगों की पहचान करने में जुटी है जिन्होंने कानून हाथ में लेकर आरोपी की पीट-पीटकर हत्या की।

