Pune Domestic Violence Case: महाराष्ट्र के पुणे जिले के इंदापुर तालुका से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक विवाहित महिला ने ससुराल पक्ष की मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली।
मृतका की पहचान शिवानी विकास शिंदे के रूप में हुई है। इस घटना ने एक बार फिर समाज में महिलाओं के खिलाफ हो रहे घरेलू उत्पीड़न और दहेज की कुप्रथा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
चरित्र पर शक और मारपीट का आरोप
शिवानी की मां द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, शिवानी का वैवाहिक जीवन पिछले कुछ समय से नर्क बन चुका था। शिकायत में बेहद चौंकाने वाले खुलासे किए गए हैं। बताया गया है कि शिवानी का पति विकास शिंदे, देवर प्रकाश शिंदे और सास सुरेखा शिंदे न केवल उसे छोटी-छोटी बातों पर परेशान करते थे, बल्कि उसके चरित्र पर भी संदेह करते थे। चरित्र पर शक के नाम पर उसे अक्सर अपमानित किया जाता था और उसके साथ मारपीट की जाती थी।
2 लाख रुपये के लिए बनाया जा रहा था दबाव
पुणे पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक, प्रताड़ना की वजह सिर्फ शक तक सीमित नहीं थी। ससुराल वाले शिवानी पर इस बात का दबाव बना रहे थे कि वह अपने मायके से दो लाख रुपये लेकर आए। आर्थिक मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक रूप से इस कदर तोड़ दिया गया कि उसने अपनी जीवनलीला समाप्त करने का कठोर निर्णय ले लिया।
मां बोली मेरी बेटी के हत्यारों को मिले सजा
मृतका की मां ने पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि शिवानी ने कई बार अपने ससुराल वालों के सामने हाथ जोड़े, उनसे मिन्नतें कीं कि उसे परेशान न किया जाए, लेकिन उन लोगों का दिल नहीं पसीजा। हर बार उसे और अधिक क्रूरता के साथ प्रताड़ित किया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
इंदापुर पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड के लिए उकसाने और दहेज उत्पीड़न के एंगल से जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच में किसी भी तरह की कोताही नहीं बरती जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे सख्त सजा दिलाई जाएगी। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

