Dailyhunt
राजस्थान में घोड़े पर Blinkit बैग टांगे दिखे बुजुर्ग, वीडियो हुआ वायरल

राजस्थान में घोड़े पर Blinkit बैग टांगे दिखे बुजुर्ग, वीडियो हुआ वायरल

नवभारत 1 month ago

Elderly Delivery Man on Horse : राजस्थान की धरती पर घोड़े और ऊंट परंपरा, शान और शौर्य के प्रतीक माने जाते हैं। ऐसे में एक वीडियो ने लोगों का ध्यान खींच लिया है, जिसमें एक बुजुर्ग व्यक्ति घोड़े पर सवार होकर Blinkit का पीला डिलीवरी बैग टांगे नजर आ रहे हैं।

आमतौर पर डिलीवरी कर्मचारी बाइक या स्कूटी से सामान पहुंचाते हैं, लेकिन यहां नजारा बिल्कुल अलग दिखा। वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई और लोग मजेदार टिप्पणियां करने लगे।

घोड़े पर सवार बुजुर्ग, कंधे पर डिलीवरी बैग

वायरल वीडियो में बुजुर्ग शख्स पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में नजर आते हैं। वह आराम से घोड़े पर बैठे सड़क से गुजर रहे हैं और उनकी पीठ पर Blinkit का बैग साफ दिखाई देता है। किसी राहगीर ने यह दृश्य मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो राजस्थान के किसी ग्रामीण क्षेत्र का है, जहां कच्ची सड़कों के कारण बाइक से पहुंचना मुश्किल हो सकता है। हालांकि, अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि यह सचमुच की डिलीवरी थी या किसी ने मनोरंजन के लिए वीडियो बनाया।

ये खबर भी पढ़ें : भीड़ में हंगामा कर रहे युवक को पुलिसकर्मी ने बाल पकड़कर घसीटा, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

वीडियो पर लोगों ने किए मजेदार कमेंट

यह वीडियो @Kapil_Jyani_ नाम के एक्स अकाउंट से साझा किया गया है। सोशल मीडिया पर लोग इसे 'डिजिटल इंडिया' की नई तस्वीर बता रहे हैं, तो कुछ मजाक में कह रहे हैं कि पेट्रोल महंगा हो तो घोड़ा ही सही।

कई यूजर्स ने लिखा कि आज के युवाओं को जहां घोड़ी चढ़ना नसीब नहीं, वहीं बुजुर्ग घोड़े पर डिलीवरी करते दिख रहे हैं। कुछ लोगों ने इसे मेहनत और जज्बे की मिसाल बताया है। कुल मिलाकर यह वीडियो परंपरा और आधुनिक तकनीक के अनोखे मेल के रूप में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: NavaBharat