Ranji Trophy 2025-26 Final: बीसीसीआई द्वारा आयोजित रणजी ट्रॉफी 2025-26 का फाइनल मुकाबला कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर के बीच हो रहा है। जम्मू-कश्मीर ने केएससीए हुबली क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे फाइनल मुकाबले में पहले दिन के खेल तक अपनी मजबूत पकड़ बना रखी है।
मंगलवार को दिन की समाप्ति तक इस टीम ने 2 विकेट खोकर 284 रन बना लिए हैं। पहले दिन कर्नाटक के गेंदबाज विकेट के लिए तरसते दिखे।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी जम्मू-कश्मीर की शुरुआत निराशाजनक रही। टीम ने 18 के स्कोर पर कामरान इकबाल का विकेट खो दिया था। इकबाल टीम के खाते में सिर्फ 6 रन ही जुटा सके। इसके बाद यावर हसन ने शुभम पुंडीर के साथ दूसरे विकेट के लिए 139 रन जुटाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। हसन ने 150 गेंदों का सामना करते हुए 13 चौकों की मदद से 88 रन बनाए।
अब्दुल समद और शुभम के बीच शतकीय साझेदारी
यहां से शुभम पुंडीर ने कप्तान पारस डोगरा के साथ 22 रन की साझेदारी की। कप्तान पुंडीर 9 के स्कोर पर रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौटे, जहां से पुंडीर ने अब्दुल समद के साथ मोर्चा संभाला। दिन की समाप्ति तक दोनों बल्लेबाजों ने 144 गेंदों में 105 रन की साझेदारी कर ली है।
शुभम पुंडीर की नाबाद शतकीय पारी
पहले दिन के खेल तक शुभम पुंडीर 221 गेंदों में 2 छक्कों और 12 चौकों के साथ नाबाद 117 रन बना चुके थे, जबकि अब्दुल समद ने 67 गेंदों में 1 छक्के और 5 चौकों के साथ 52 रन अपने खाते में जोड़ लिए हैं। कर्नाटक की तरफ से प्रसिद्ध कृष्णा एकमात्र सफल गेंदबाज रहे हैं, जिन्होंने 16 ओवरों में 36 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए। कर्नाटक की टीम दूसरे दिन मुकाबले में वापसी करने के इरादे से उतरेगी।
जम्मू-कश्मीर की नजरें खिताब पर
पारस डोगरा की कप्तानी वाली जम्मू-कश्मीर की टीम अपना पहला रणजी ट्रॉफी खिताब जीतने के इरादे से उतरी है, जबकि देवदत्त पड्डिकल की कप्तानी में कर्नाटक का मकसद नौवां खिताब अपने नाम करना होगा।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
जम्मू-कश्मीर: कामरन इकबाल, यावर हसन, शुभम पुंडीर, पारस डोगरा (कप्तान), अब्दुल समद, कन्हैया वधावन (विकेटकीपर), आबिद मुश्ताक, औकिब नबी डार, युद्धवीर सिंह चरक, साहिल लोत्रा और सुनील कुमार।
कर्नाटक : केएल राहुल, मयंक अग्रवाल, देवदत्त पडिक्कल (कप्तान), करुण नायर, स्मरण रविचंद्रन, श्रेयस गोपाल, कृतिक कृष्णा (विकेटकीपर), विद्याधर पाटिल, विजयकुमार वैशाक, शिखर शेट्टी और प्रसिद्ध कृष्णा।

