Dailyhunt
RSS के मंच पर सलमान खान, एकनाथ शिंदे ने विरोधियों को दिया करारा जवाब, कहा- वो भारतीय हैं, इसमें गलत क्या है?

RSS के मंच पर सलमान खान, एकनाथ शिंदे ने विरोधियों को दिया करारा जवाब, कहा- वो भारतीय हैं, इसमें गलत क्या है?

नवभारत 3 months ago

Eknath Shinde On Salman Khan Attending RSS Event: महाराष्ट्र की सियासत में इन दिनों फिल्म अभिनेता सलमान खान और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की नजदीकियां चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

मुंबई के नेहरू सेंटर में आयोजित RSS के शताब्दी समारोह में जब सलमान खान को संघ प्रमुख मोहन भागवत के साथ देखा गया, तो विपक्षी खेमे में हलचल मच गई। अब इस मामले पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने अपनी चुप्पी तोड़ी है और विरोधियों को खरी-खरी सुनाई है।

सलमान खान भारतीय नागरिक हैं

RSS के समारोह में सलमान खान की उपस्थिति पर उठ रहे सवालों को खारिज करते हुए एकनाथ शिंदे ने कहा कि सलमान खान एक भारतीय नागरिक हैं। वह इस देश की परंपराओं और संस्कृति में गहरा विश्वास रखते हैं। आखिर आरएसएस के किसी कार्यक्रम में उन्हें आमंत्रित किए जाने में गलत क्या है? संघ एक देशभक्त संगठन है और इसके कार्यकर्ताओं के रोम-रोम में राष्ट्रवाद बसा है।

संजय राउत के कटाक्ष पर पलटवार

बता दें कि इस विवाद की शुरुआत शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत के बयान से हुई थी। राउत ने तंज कसते हुए पूछा था कि क्या यह सलमान खान का स्वागत था या यह संदेश देने की कोशिश थी कि संघ अब मुसलमानों के लिए भी अपने दरवाजे खोल रहा है। शिंदे ने राउत के इस बयान को गैर-जरूरी बताते हुए संघ की विचारधारा का बचाव किया।

नितेश राणे का उद्धव ठाकरे पर तीखा हमला

विवाद में भाजपा नेता नितेश राणे भी कूद पड़े हैं। उन्होंने उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए दावा किया कि सलमान खान उनसे अधिक हिंदू हैं। राणे ने सलमान खान के साहस की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने आरएसएस प्रमुख के कार्यक्रम में शामिल होने की हिम्मत दिखाई, जो प्रशंसनीय है।

- 'पूरे होंगे मुंबईकरों के सपने', रितु तावड़े के बीएमसी मेयर बनने पर क्या बोले CM फडणवीस ?

क्यों खास था यह कार्यक्रम?

यह आयोजन आरएसएस के 100 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘शताब्दी समारोह’ का हिस्सा था। कार्यक्रम में मोहन भागवत ने समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद किया। सलमान खान के अलावा फिल्म जगत की कई अन्य हस्तियां भी वहां मौजूद थीं, लेकिन लाइमलाइट सलमान और भागवत की बातचीत ने बटोरी।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: NavaBharat