Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Varanasi: गंगा-वरुणा में बाढ़ के बीच पुलिस कमिश्नर और डीएम का तूफानी दौरा, NDRF नाव से लिया जायजा

Varanasi: गंगा-वरुणा में बाढ़ के बीच पुलिस कमिश्नर और डीएम का तूफानी दौरा, NDRF नाव से लिया जायजा

गंranasi Flood Affected Areas: गंगा और वरुणा नदी में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने मंगलवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का तूफानी दौरा किया।

दोनों अधिकारियों ने एनडीआरएफ की नाव से विभिन्न इलाकों का निरीक्षण कर जलस्तर, जलभराव और प्रभावित आबादी की स्थिति का जायजा लिया।

नाव से आदि केशव घाट से सराय मोहना तक निरीक्षण

पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी ने नमो घाट से एनडीआरएफ की नाव के माध्यम से गंगा एवं वरुणा नदी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा शुरू किया। दोनों अधिकारी गंगा और वरुणा नदी के संगम स्थल आदि केशव घाट पहुंचे और वहां से सलारपुर, सरैया, कोनिया, पुल कोहना, ढेलवरिया और सराय मोहना सहित विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली और उनकी समस्याएं भी सुनीं।

&dhapos;दैवी आपदा की घड़ी में प्रशासन आपके साथ&dhapos;

पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बाढ़ प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि दैवी आपदा की इस घड़ी में प्रशासन हर समय उनके साथ है।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए और जरूरत पड़ने पर लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

नाव और राहत-बचाव संसाधन तैयार रखने के निर्देश

डीएम सत्येंद्र कुमार ने राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों और नावों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने पुलिस और एनडीआरएफ की टीमों को बाढ़ प्रभावित इलाकों में सतत निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों से सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।

राहत शिविरों का भी किया निरीक्षण

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के निरीक्षण के बाद पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय सलारपुर, विकास खंड चिरईगांव तथा विद्या विहार इंटर कॉलेज सलारपुर, रसूलगढ़ में स्थापित बाढ़ राहत शिविरों का निरीक्षण किया।

दोनों अधिकारियों ने शिविरों में रह रहे बाढ़ प्रभावित परिवारों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।

भोजन से स्वास्थ्य तक सभी सुविधाओं पर जोर

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने अधिकारियों को राहत शिविरों में भोजन, पेयजल, बिजली, प्रकाश, शौचालय, साफ-सफाई, स्वास्थ्य और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शिविरों में रह रहे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की बुनियादी जरूरतों पर विशेष ध्यान दिया जाए। स्वास्थ्य विभाग की टीम को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण करने और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

राहत शिविरों में CCTV कैमरे लगाने के निर्देश

डीएम ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए बाढ़ राहत शिविरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। साथ ही नगर निगम और संबंधित विभागों को शिविरों में साफ-सफाई की व्यवस्था लगातार बनाए रखने को कहा।

पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी के संयुक्त दौरे के बाद प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी विभाग अलर्ट मोड में हैं।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: NavaBharat