Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Weather Alert: यूपी-बिहार और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में मूसलाधार बारिश, बिजली गिरने का अलर्ट

Weather Alert: यूपी-बिहार और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में मूसलाधार बारिश, बिजली गिरने का अलर्ट

IMD Monsoon Alert: देशभर में मानसून का असर लगातार बना हुआ है और कई राज्यों में बारिश ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार के लिए ताजा पूर्वानुमान जारी करते हुए पूर्वी, मध्य और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार, ओडिशा में जहां मूसलाधार बारिश का सबसे अधिक असर देखा जाएगा, वहीं बिहार, यूपी, झारखंड, गांगेय पश्चिम बंगाल और उत्तराखंड में गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

उत्तर भारत और जम्मू-कश्मीर में मूसलाधार बारिश

उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश और जम्मू-कश्मीर में बिजली गिरने का खतरा मंडरा रहा है। उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में भी मानसूनी हवाओं का दबाव कायम है। उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली चमकने का अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के क्षेत्रों में भी तेज गरज के साथ बिजली गिरने का अनुमान है। पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यटकों और निवासियों को भूस्खलन के खतरे को देखते हुए सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।

मध्य भारत और पूर्वोत्तरः सातों राज्यों में बरसेगी आफत

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने का जोखिम बना रहेगा। इसके अतिरिक्त पूर्वोत्तर के सातों राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज चमक के साथ मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा निम्न दबाव का क्षेत्र

उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहे नए निम्न दवाव के क्षेत्र के कारण बंगाल के कुछ जिलों में एक सितंबर तक भारी बारिश होने का अनुमान है। आईएमडी ने कहा कि मौसम प्रणाली के प्रभाव से 30 अगस्त को पुरबा मेदिनीपुर और पश्चिम मेदिनीपुर जिलों में एक-दो स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। राज्य की राजधानी कोलकाता में भी शनिवार को भारी बारिश होने का अनुमान है।

दिल्ली में बढ़ रही गर्मी

मानसून की सक्रियता कमजोर पड़ते ही दिल्ली-एनसीआर के मौसम में एक बार फिर बदलाव दिखाई देने लगा है। पिछले दिनों बारिश और बादलों के कारण तापमान में राहत महसूस कर रहे लोगों को अब धीरे-धीरे बढ़ती गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है, लेकिन फिलहाल भारी बारिश की कोई चेतावनी नहीं है। अधिकतम तापमान अगले कुछ दिनों में 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 29 अगस्त को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आंशिक रूप से बादल छाए रहने का भी अनुमान है और विभाग की ओर से कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: NavaBharat