खासतौर पर कांग्रेस ने तेजस्वी यादव की बांकीपुर की पूरी रणनीति पर ही सवाल उठा दिए हैं। आपको बता दें कि इस पूरे चुनाव या प्रचार में कांग्रेस कहीं नहीं दिखी।
इंडिया गठबंधन का तेजस्वी ने इस्तेमाल ही नहीं किया
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता आसितनाथ तिवारी ने राजद और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की चुनावी रणनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि महागठबंधन के सबसे बड़े घटक दल होने के बावजूद राजद ने बांकीपुर उपचुनाव में इंडिया गठबंधन का प्रभावी ढंग से इस्तेमाल नहीं किया। आसितनाथ तिवारी ने कहा कि बिहार में इंडिया गठबंधन का सबसे बड़ा घटक दल राजद है, इसलिए उसकी जिम्मेदारी भी सबसे अधिक बनती है।पूरे अभियान में कहीं नहीं दिखी महागठबंधन की एकता: कांग्रेस
उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे चुनाव अभियान के दौरान महागठबंधन या इंडिया गठबंधन की एकजुटता का प्रभावी प्रदर्शन नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि यह समझ से परे है कि ऐसा क्यों हुआ। संभव है कि इस मामले में तेजस्वी यादव की पर्याप्त रुचि नहीं रही हो।2025 में भी कुछ ऐसा ही हुआ: कांग्रेस
कांग्रेस प्रवक्ता ने पिछले विधानसभा चुनाव की चर्चा करते हुए कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में भी कई सीटों पर फ्रेंडली फाइट की स्थिति बनी थी। उस समय भी राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं हुई थीं। उन्होंने दावा किया कि अब राजद के भीतर भी इस बात को लेकर चर्चाएं हो रही हैं कि क्या भाजपा के साथ किसी तरह की अंदरूनी समझ बनी हुई है। हालांकि, उन्होंने इस संबंध में कोई ठोस प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया।तेजस्वी अपने समीकरण संभालने में नाकाम: असित नाथ तिवारी
आसितनाथ तिवारी ने यह भी कहा कि बांकीपुर उपचुनाव में राजद के पारंपरिक मुस्लिम-यादव (एम-वाई) वोट बैंक में भी बिखराव देखने को मिला। उनके अनुसार, तेजस्वी यादव अपने पारंपरिक सामाजिक समीकरण को भी पूरी तरह संभालने में सफल नहीं दिखे। गठबंधन मजबूत करने के लिए राजद में दिलचस्पी नहीं: कांग्रेस
उन्होंने आरोप लगाया कि गठबंधन को मजबूत करने में भी राजद नेतृत्व की अपेक्षित दिलचस्पी नजर नहीं आई। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में महागठबंधन के भीतर कई तरह की चर्चाएं और अफवाहें चल रही हैं, लेकिन राजद नेतृत्व उन्हें रोकने या स्थिति स्पष्ट करने में सफल नहीं हो रहा है। कांग्रेस प्रवक्ता के इस बयान के बाद बिहार की विपक्षी राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, राजद की ओर से इस बयान पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।इनपुट: आईएएनएस