Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
​'जिन्होंने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, वही राम मंदिर को कर रहे बदनाम'; CM योगी का सपा-कांग्रेस पर तीखा हमला

​'जिन्होंने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, वही राम मंदिर को कर रहे बदनाम'; CM योगी का सपा-कांग्रेस पर तीखा हमला

हेमेन्द्र त्रिपाठी, लखनऊ: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावे से जुड़े मामले को लेकर मानसून सत्र में विपक्ष आक्रामक दिख रहा है। यूपी विधानसभा में इस मुद्दे पर विपक्ष के हंगामे को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

मंगलवार को विधानसभा भवन के बाहर पत्रकारों से बातचीत में सीएम योगी ने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जिन लोगों ने अयोध्या की गलियों में रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं और भगवान श्रीराम के अस्तित्व को नकारते हुए उन्हें काल्पनिक बताया, वही लोग आज किस मुंह से अयोध्या और सनातन आस्था की बात कर रहे हैं।

'साधु-संत का जांच में नाम नहीं'


​मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चढ़ावा विवाद की सच्चाई सामने रखते हुए बताया कि मंदिर के चढ़ावे से जुड़े मामले में किसी भी साधु-संत की कोई भूमिका नहीं मिली है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कहने पर सरकार ने तुरंत SIT का गठन किया था। जांच के आधार पर गड़बड़ी करने वाले 8 कर्मचारियों को पकड़ा गया और उन पर कार्रवाई हुई। इसके बावजूद सपा और कांग्रेस झूठ फैलाकर पूज्य संतों, अयोध्या धाम और पूरे सनातन धर्म को बदनाम करने की साजिश रच रही हैं।

​सपा पर साधा निशाना


​विधानसभा में विपक्ष के बर्ताव पर कड़ा एतराज जताते हुए सीएम योगी ने कहा कि जो मामला अदालत में लंबित हो, उस पर नियमों के तहत चर्चा नहीं हो सकती। इसके बावजूद सपा विधायकों ने सदन के अंदर तख्तियां लहराईं, हंगामा किया और अध्यक्ष पीठ का अपमान किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिस पार्टी का मुख्य मकसद ही 'हल्ला बोल' रहा हो, वह कभी लोकतांत्रिक नहीं हो सकती। विपक्ष सिर्फ भ्रामक खबरें फैलाकर यूपी की चमकती छवि को खराब करना चाहता है।

प्राण-प्रतिष्ठा के बहिष्कार का उठाया मुद्दा


​सीएम योगी ने राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को भी याद किया। उन्होंने कहा कि जब 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में श्रीरामलला की प्राण-प्रतिष्ठा का ऐतिहासिक कार्यक्रम हो रहा था, तब सपा और कांग्रेस के नेताओं ने न्योता मिलने के बाद भी आने से इनकार कर दिया था। आज वही लोग धार्मिक आस्था का ढोंग रच रहे हैं।

सीएम ने कहा कि पिछले 9 सालों में यूपी ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। अब यह देश की टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। विपक्ष इसी बदलते और मजबूत होते उत्तर प्रदेश की छवि को बदरंग करने का घिनौना प्रयास कर रहा है।
Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: navabharat taims