Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
लखनऊ के मोहिबुल्लापुर रेलवे स्टेशन का बदलेगा नाम! 'जानकीपुरम' से नई पहचान, BJP MLA नीरज बोरा ने लिखा पत्र

लखनऊ के मोहिबुल्लापुर रेलवे स्टेशन का बदलेगा नाम! 'जानकीपुरम' से नई पहचान, BJP MLA नीरज बोरा ने लिखा पत्र

हेमेंद्र त्रिपाठी, लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के एक स्टेशन का नाम बदलने जाने को लेकर सुगबुगाहट तेज हुई है। दरअसल, पिछले कुछ महीनों में कई महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों के नामों में बदलाव किया गया है।

इसका असर सियासी गलियारों में भी देखने को मिला है। अब एक बार फिर लखनऊ में ट्रांस-गोमती क्षेत्र का महत्वपूर्ण मोहिबुल्लापुर रेलवे स्टेशन भी जल्द ही नए नाम और आधुनिक सुविधाओं के साथ पहचाना जाएगा। लखनऊ उत्तर क्षेत्र से बीजेपी विधायक डॉ. नीरज बोरा ने जनभावनाओं के साथ साथ क्षेत्र की वर्तमान पहचान को ध्यान में रखते हुए रेल मंत्रालय को पत्र भेजकर नाम परिवर्तन का अनुरोध किया है। उन्होंने अपने पत्र में मोहिबुल्लापुर स्टेशन का नाम बदलकर अब 'जानकीपुरम रेलवे स्टेशन' करने का अनुरोध किया है।

जानकीपुरम से सटा है स्टेशन

लखनऊ उत्तर से भाजपा विधायक डॉ. नीरज बोरा का पत्र सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। रेलवे मंत्रालय को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि वर्तमान में 'मोहिबुल्लापुर' नाम अपनी प्रासंगिकता खो चुका है। स्टेशन के आसपास इस नाम की कोई प्रमुख बस्ती अस्तित्व में नहीं है। इसके उलट स्टेशन से ठीक सटा जानकीपुरम लखनऊ का एक विशाल आवासीय क्षेत्र है। वहां स्थित नगर निगम के तीन वार्डों में लाखों लोग निवास करते हैं।

भाजपा विधायक ने अपने पत्र में आगे लिखा है कि स्थानीय नागरिकों ने अनेक बार मुझसे इस रेलवे स्टेशन का नाम मोहिबुल्लापुर से परिवर्तित कर 'जानकीपुरम' किए जाने का अनुरोध किया है। लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए मोहिबुल्लापुर रेलवे स्टेशन का नाम 'जानकीपुरम' करने को लेकर प्रक्रिया पूरी कराई जाए।

सर्कुलर रेल का बनेगा प्रमुख केंद्र

दरअसल, प्रस्तावित सर्कुलर रेल परियोजना में मोहिबुल्लापुर स्टेशन को बेहद जरूरी पड़ाव माना जा रहा है। इस रूट पर सीतापुर, लखीमपुर के अलावा आसपास के ग्रामीण एवं शहरी इलाकों से लखनऊ में नौकरी तथा पढ़ाई के लिए रोजाना हजारों लोग आते हैं। उनके आवागमन के लिए यह स्टेशन एक प्रमुख जरिया बनेगा। पुनर्विकास योजना के तहत यहां से गुजरने वाली कई प्रमुख मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की संख्या में बढ़ोतरी की जाएगी, जिससे शहर के भीतर ट्रैफिक के दबाव को भी कम करने में अच्छी खासी मदद मिलेगी।

इंजीनियरिंग कॉलेज मार्ग की तरफ नया गेट

मोहिबुल्लापुर स्टेशन का नाम बदलने के साथ-साथ इस रेलवे स्टेशन को आधुनिक रूप देने की तैयारी तेजी से चल रही है। स्टेशन परिसर में यात्रियों के लिए हाई-स्पीड वाई-फाई, ट्रेनों की सटीक जानकारी देने वाले डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड व धूप और बारिश से बचाव के लिए बड़े व बेहतर प्लेटफॉर्म शेड का निर्माण कराया जाएगा।

इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहा मार्ग की ओर से एक अलग से एंट्री गेट भी प्रस्तावित है, जिससे ATU, इंजीनियरिंग कॉलेज और जानकीपुरम सेक्टर-एफ के लोगों को रेलवे क्रॉसिंग पार किए बिना सीधे स्टेशन पहुंचने की सुविधा मिलेगी।
Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: navabharat taims