Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
LIC Stock Portfolio: ₹18,500 करोड़ की खरीदारी, डूबते बाजार में LIC ने सस्ते में खरीद लिए शेयर, देख लीजिए लिस्ट

LIC Stock Portfolio: ₹18,500 करोड़ की खरीदारी, डूबते बाजार में LIC ने सस्ते में खरीद लिए शेयर, देख लीजिए लिस्ट

ई दिल्ली: घरेलू शेयर बाजार में मार्च तिमाही में काफी गिरावट रही। देश की सबसे बड़ी घरेलू निवेशक एलआईसी ने इस मौके का फायदा उठाते हुए बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल, टीसीएस, इन्फोसिस, आईआरएफसी, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स और हुंडई मोटर्स जैसे शेयरों में करीब 18,500 करोड़ रुपये की खरीदारी की।

इन शेयरों में करीब 30 फीसदी तक गिरावट आई थी। इस दौरान एलआईसी ने बजाज फाइनेंस में सबसे बड़ी खरीदारी की। मार्च तिमाही में बजाज फाइनेंस का शेयर 19 फीसदी गिरा।

Prime Database के मुताबिक एलआईसी ने मार्च तिमाही में बजाज फाइनेंस के 2.32 करोड़ शेयर करीब 2,167 करोड़ रुपये में खरीदे। साथ ही भारती एयरटेल में 2,153 करोड़ रुपये, टीसीएस में 2,143 करोड़ रुपये और दवा कंपनी सिप्ला में 2,068 करोड़ रुपये की खरीदारी की। एलआईसी ने इस दौरान इंडियन रेलवे फाइनेंस कॉरपोरेशन यानी (IRFC) में अपनी हिस्सेदारी करीब दोगुनी कर दी। उसने इस रेल पीएसयू के 18.72 करोड़ शेयर 2,044 करोड़ रुपये में खरीद लिए। आईआरएफसी के शेयरों में मार्च तिमाही में 30% गिरावट रही।

किसमें घटाई हिस्सेदारी

एलआईसी ने आईटी कंपनी इन्फोसिस में 1,897 करोड़ रुपये की खरीदारी की जबकि हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स में 1,819 करोड़ रुपये लगाए। एलआईसी ने एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 1,399 करोड़ रुपये, हुंडई मोटर इंडिया में 1,390 करोड़ रुपये और मारुति सुजुकी में 1,374 करोड़ रुपये का निवेश किया। मारुति का शेयर मार्च तिमाही में 26 फीसदी गिरा, एचसीएल में 17 फीसदी गिरावट आई जबकि हुंडई में 23 फीसदी गिरावट रही। एलआईसी ने मार्च तिमाही में 58 कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई। इसमें औसतन 12.24 फीसदी गिरावट रही।


मार्च तिमाही में एलआईसी ने कई कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी कम भी की है। कंपनी ने एसबीआई के 4.22 करोड़ शेयर 4,626 करोड़ रुपये में बेच दिए। मार्च तिमाही में एसबीआई का शेयर 0.29 फीसदी गिरा। इसी तरह एलआईसी ने आईसीआईसीआई बैंक में 3,449 करोड़ रुपये और एचडीएफसी बैंक में 1,145 करोड़ रुपये की बिकवाली की। हालांकि इस दौरान एचडीएफसी बैंक के शेयरों में 26% गिरावट रही। साथ ही कंपनी ने कोल इंडिया और टाटा स्टील में भी अपनी हिस्सेदारी कम की जबकि इन दोनों शेयरों में मार्च तिमाही में तेजी आई।

एलआईसी की खरीद-फरोख्त

  • LIC ने मार्च तिमाही में जमकर की शेयरों की खरीदारी
  • कंपनी ने इस दौरान ₹18,300 करोड़ के शेयर खरीदे
  • बजाज फाइनेंस में 2,167 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे
  • भारती एयरटेल, टीसीएस और सिप्ला में भी खरीदारी
  • एसबीआई समेत बैंकिंग शेयरों में की सबसे बड़ी बिकवाली

सबसे बड़ी हिस्सेदारी

मार्च तिमाही में शेयर बाजार में आई गिरावट के कारण एलआईसी का पोर्टफोलियो भी प्रभावित हुआ। एनएसई लिस्टेड कंपनियों में एलआईसी की टोटल होल्डिंग 31 मार्च, 2026 को 15.11 लाख करोड़ रुपये रह गई। यह पिछली तिमाही की तुलना में 13.63 फीसदी कम है। वैल्यू के हिसाब से देखें तो एलआईसी के पोर्टफोलियो में रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे आगे है। इसके बाद एसबीआई, एलएंडटी, आईटीसी, इन्फोसिस, टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक और ओएनजीसी का नंबर है।
Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: navabharat taims