जानकारी के अनुसार, रिसोर्ट परिसर में अचानक बंदरों का झुंड घुस आया था। बंदरों को भगाने के लिए प्रेमनगर कॉलोनी निवासी 27 वर्षीय प्रदीप उर्फ रानू रैकवार पिता मोहन लाल रैकवार, लोहे का पाइप लेकर उन्हें दौड़ाने लगा। इसी दौरान उसका पाइप पास से गुजर रही 11 केवी हाई वोल्टेज बिजली लाइन से टकरा गया।
बुरी तरह झुलसा युवक
करंट का झटका इतना तेज था कि युवक बुरी तरह झुलस गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उसके शरीर का बड़ा हिस्सा जल गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए राजनगर स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया। हादसे का सीसीटीवी फुटेज आया सामने
यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में दिख रहा है कि युवक प्रदीप एक लंबे से लोहे के पाइप से बंदर को भगा रहा था। बंदर की उछल-कूद के चलते उसने कई बार पाइप को हवा में उठा कर जमीन पर पटका। जब बंदर परिसर से बाहर नहीं गया तो वह और नजदीक जाकर पाइप हवा में उठाता है लेकिन इस बार पाइप ऊपर जा रही हाईटेंशन तार से छू जाता है, जिससे एक बड़ा स्पार्क होता है और युवक वहीं गिर जाता है।इलाके में शोक का माहौल
इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, स्थानीय लोगों ने खुले में गुजर रही हाई वोल्टेज लाइनों को लेकर भी चिंता जताई है और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।