नई दिल्ली: गांधी नगर इलाके में कपड़े के कारोबारी के बेटे से लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेकर 3 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। रंगदारी नहीं देने पर कारोबारी के बेटे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़ित की शिकायत पर गांधी नगर थाना पुलिस ने 28 जुलाई को मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो सका है कि धमकी देने वाला असल में लॉरेंस गैंग से जुड़ा है या उसके नाम का इस्तेमाल कर रहा है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, 20 साल के लक्ष्य गर्ग मॉडल टाउन इलाके में रहते हैं। उनके पिता का मॉडल टाउन और गांधी नगर में कपड़ों का कारोबार है। लक्ष्य ने पुलिस को बताया कि 1 जुलाई की सुबह एक शख्स ने कॉल कर खुद को अनिल पंडित बताते हुए अगले दिन में 3 करोड़ नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। 2 घंटे बाद उसी नंबर से वॉयस मैसेज आया। इसमें अनिल पंडित ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से होने का दावा किया।
पुलिस जांच में क्या सामने आया?
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिस मोबाइल नंबर से कॉल और वॉयस मैसेज भेजे गए, उसकी जांच की जा रही है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि धमकी देने वाला व्यक्ति वास्तव में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है या फिर गैंग के नाम का इस्तेमाल कर रंगदारी वसूलने की कोशिश कर रहा था। फिलहाल आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें काम कर रही हैं।
