Dailyhunt
PBKS vs LSG Pitch Report: मुल्लांपुर में बल्लेबाजों या गेंदबाजों में से किसकी बोलेगी तूती? पढ़ें पिच रिपोर्ट

PBKS vs LSG Pitch Report: मुल्लांपुर में बल्लेबाजों या गेंदबाजों में से किसकी बोलेगी तूती? पढ़ें पिच रिपोर्ट

न्यू चंडीगढ़: आईपीएल 2026 में रविवार यानी 19 अप्रैल को शाम का मुकाबला न्यू पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) और लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के बीच खेला जाएगा।

पंजाब किंग्स को उसके घर में रोकना एलएसजी के लिए बड़ी चुनौती है। पंजाब एकमात्र ऐसी टीम है जिसने सीजन में एक भी मैच नहीं गंवाया है।

पंजाब किंग्स 5 मैचों में 4 जीत और बारिश की वजह से रद्द हुए एक मैच से मिले 1 अंक को मिलाकर कुल 9 अंक लेकर अंकतालिका में पहले स्थान पर है। पिछले मैच में पंजाब ने मुंबई इंडियंस को उसके घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम में 7 विकेट से हराया था।

पंजाब और लखनऊ के मैच की पिच रिपोर्ट

पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम की पिच हाई स्कोरिंग वाली मानी जाती है। यहां टीमें लक्ष्य का पीछा करना पसंद करती हैं। लाइन और लेंथ पर नियंत्रण रखने वाले गेंदबाजों को मदद मिल सकती है। आईपीएल में मुल्लांपुर स्टेडियम में अब तक कुल 13 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से पहले बैटिंग करने वाली टीम ने 6 तो दूसरी बैटिंग करने वाली टीम ने 7 मुकाबले जीते हैं। रविवार को न्यू चंडीगढ़ में मौसम उमस भरा रहेगा। अधिकतम तापमान लगभग 38 डिग्री रहेगा। बारिश की संभावना नहीं है। पंजाब किंग्स और एलएसजी के बीच अब तक 6 मुकाबले खेले गए हैं और दोनों टीमों को 3-3 मैचों में जीत मिली है।

काफी अच्छे लय में नजर आ रही पंजाब किंग्स

पंजाब की टीम पूरे सीजन में बहुत ही संतुलित और आक्रामक नजर आई है। टीम के दोनों सलामी बल्लेबाजों प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे हैं। कप्तान श्रेयस अय्यर विस्फोटक अंदाज में नजर आए हैं। इन तीनों के प्रदर्शन में निरंतरता रही है। वहीं गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह, मार्को जानसेन, युजवेंद्र चहल और विजय वैशाक ने एक ग्रुप में बेहतरीन काम किया है। शशांक सिंह को बल्लेबाजी में कम मौके मिले हैं, लेकिन गेंदबाजी में उन्होंने कमाल किया है और अहम मौकों पर विकेट दिलाए हैं। इन खिलाड़ियों ने पंजाब को सीजन में अब तक अपराजेय रखा है। पंजाब अपनी लगातार जीत का क्रम एलएसजी के खिलाफ भी जारी रखने उतरेगी।

लखनऊ कर रही है स्ट्रगल

एलएसजी की बात करें तो टीम के प्रदर्शन में निरंतरता नहीं रही है। मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और दिग्वेश राठी ने गेंदबाजी में अच्छा काम किया है, लेकिन बल्लेबाजी में मिचेल मार्श, एडन मार्करम, ऋषभ पंत और निकोलस पूरन का प्रदर्शन साधारण रहा है जिसका असर मैचों के परिणाम पर पड़ा है। एलएसजी 5 मैचों में 2 जीत के साथ आठवें नंबर पर है। पंजाब किंग्स के खिलाफ जीत के लिए एलएसजी को एक यूनिट के रूप में दमदार प्रदर्शन करना होगा।
Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: navabharat taims