Dailyhunt
Rihanna अचानक मुंबई क्‍यों आई हैं? दो साल बाद भारत लौटीं ग्लोबल आइकन, जानिए क्‍या है माजरा

Rihanna अचानक मुंबई क्‍यों आई हैं? दो साल बाद भारत लौटीं ग्लोबल आइकन, जानिए क्‍या है माजरा

ग्लोबल पॉप सेंसेशन और 9 बार ग्रैमी अवॉर्ड जीत चुकीं रिहाना गुरुवार रात को अचानक भारत आई हैं। मुंबई एयरपोर्ट पर देर रात करीब 10:30 बजे उन्‍हें स्‍पॉट किया गया। बारबाडोस की सिंगर इससे पहले 2024 में अनंत अंबानी की शादी में भारत आई थीं।

एक ओर जहां, मुंबई में लैंड होते ही उनके चेहरे पर बेहद खुशी नजर आई, वहीं मौके पर मौजूद पपाराजी का भी जोश देखने लायक रहा। उन्‍होंने 'RiRi, RiRi' के नारों के साथ सिंगर का स्वागत किया। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर रिहाना के फोटोज और वीडियोज भी सकुर्लेट होने लगे। एक ओर जहां फैंस उनके भारत आने से बेहद खुश हैं, वहीं हर किसी के मन में यह जिज्ञासा भी जगी है कि आख‍िर वो इस तरह अचानक इंडिया क्‍यों आई हैं? यदि आप भी यही सोच रहे हैं तो आपके सवाल का जवाब हमारे पास है।

मुंबई एयरपोर्ट पर देर रात बाहर निकलते हुए रिहाना ने पपाराजी की ओर हाथ हिलाकर अभ‍िवादन किया। चमकते कैमरों को 'फ्लाइंग किस' भी दिए। सिंगर को छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर नीले रंग के कपड़ों और आंखों पर बड़ा सा चश्‍मा लगाए हुए देखा गया। बताया जाता है कि वह एक प्राइवेट जेट से मुंबई आई हैं।

फैंस लगा रहे कयास, क्‍या होने वाली है किसी की शादी?

ग्‍लोबल स्‍टार रिहाना ऐसे समय में भारत आई हैं, जब बीते साल 2025 के सितंबर में उन्‍होंने अपने तीसरे बच्चे का स्वागत किया है। सोशल मीडिया पर रिहाना के इंडिया टूर को लेकर अलग-अलग कयास लग रहे हैं। एक फैन ने लिखा है, 'रिहाना भारत में हैं। इस बार फिर किसकी शादी होने वाली है?' एक दूसरे यूजर ने लिखा है, 'वह दो साल बाद अचानक इंडिया आई हैं, कुछ तो ऐसा होने वाला है, जो मजेदार होगा।' एक तीसरे फैन ने सिंगर को टैग करते हुए लिखा, 'रिहाना, आप भारत में क्यों हो????????? मुझसे सिर्फ 5 घंटे की दूरी पर... आप कहां जा रही हो, कोई मुझे बताओ!'

रिहाना दो साल बाद मुंबई में क्यों हैं?

कुछ अपुष्‍ट रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिहाना भारत में अपने ब्‍यूटी और कॉस्‍मेटिक लाइन 'फेंटी ब्‍यूटी' के एक इवेंट के लिए आई हैं। मुंबई में 24 अप्रैल को 'Fenty Beauty' का यह इवेंट होना है। चर्चा है कि यह ग्लोबल आइकन अपने ब्रांड का एक 'लिमिटेड पॉप-अप' लॉन्च कर सकती हैं। इस इवेंट का नाम 'Fenty Beauty Ki Haveli' बताया जा रहा है, जहां ब्रांड के अलग-अलग तरह के शेड्स और प्रोडक्ट्स को प्रजेंट किया जाएगा।

दो साल पहले अनंत अंबानी की प्री-वेडिंग में आई थीं रिहाना

रिहाना इससे पहले साल 2024 में अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट के प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन में शामिल होने के लिए आई थीं। अपनी शानदार परफॉर्मेंस से उन्‍होंने जामनगर में धूम मचा दी थी। वहां उन्होंने अपने कुछ सबसे मशहूर गाने गाए, जिनमें 'Rude Boy', 'Pour It Up', 'Diamonds' और 'Wild Things' शामिल हैं पर परफॉर्मेंस दी थी। इसके अलावा वह इवेंट में जान्हवी कपूर के साथ 'जिंगाट' गाने पर नाचते हुए और शाहरुख खान के साथ 'छैया छैया' पर थिरकते हुए भी दिखी थीं।

तब दो दिन में वापस लौट गई थीं रिहाना

अपने पिछले इंडिया टूर के बाद रिहाना ने अपनी दोस्त मेलिसा फोर्ड के इंस्टाग्राम लाइव में हिस्सा लिया था। बताया कि उन्हें दो दिनों में ही वापस क्यों जाना पड़ा। मेलिसा भी रिहाना के साथ उनकी भारत यात्रा पर आई थीं। रिहाना ने कहा, 'भारत में मेरा समय बहुत ही शानदार बीता। मेरे पास सिर्फ दो दिन थे। भारत छोड़ने का मेरा एकमात्र कारण मेरे बच्चे हैं।'

रिहाना को अंबानी की प्री-वेडिंग के लिए मिले थे ₹52 करोड़

'डेली मेल' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट के प्री-वेडिंग कार्यक्रम में परफॉर्म करने के लिए रिहाना को £5 मिलियन (₹52 करोड़) की फीस मिली थी। यह भारत में यह उनका पहला परफॉर्मेंस था।
Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: navabharat taims