नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र में जारी गतिरोध के बीच बुधवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू के बीच करीब 50 मिनट तक बैठक हुई।
बैठक राहुल गांधी के संसद स्थित कक्ष में हुई, जिसमें कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी भी मौजूद थीं।
कांग्रेस का रुख जानने की कोशिश
सूत्रों के अनुसार बैठक में संसद का गतिरोध खत्म करने के साथ-साथ महिला आरक्षण और परिसीमन (डिलिमिटेशन) से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पर भी चर्चा हुई। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि बातचीत के दौरान रिजिजू ने इन दोनों विधेयकों पर कांग्रेस का रुख जानने की कोशिश की।बुलाया जा सकता है विशेष सत्र
सरकारी सूत्रों का कहना है कि यदि सरकार को यह भरोसा होता है कि महिला आरक्षण और डिलिमिटेशन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों के लिए आवश्यक दो-तिहाई बहुमत मिल जाएगा और सदन में गतिरोध दूर हो जाएगा तो इसी सत्र में यह बिल ला सकती है। ये भी चर्चा है कि विपक्ष के मन टटोलने के बाद सरकार इसके लिए संसद का स्पेशल सत्र बुलाने पर भी विचार कर सकती है। हालांकि सरकार की ओर से इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।जल्दी खत्म हो सकता है मानसून सत्र
सूत्रों के मुताबिक सरकार इस मुद्दे पर अन्य राजनीतिक दलों से भी बातचीत कर रही है। सूत्रों के मुताबिक सरकार गुरुवार को विपक्ष का रुख देखेगी और देखेगी कि क्या गतिरोध खत्म करने की अपील का कुछ असर हुआ है। अगर गतिरोध खत्म नहीं हुआ तो संसद का मॉनसून सत्र जल्दी खत्म करने पर भी विचार किया जा सकता है। हालांकि अभी ये बस चर्चाएं हैं और सरकार की तरफ से कोई फैसला नहीं हुआ है।राम मंदिर चंदा चोरी पर चर्चा की मांग
बैठक के बावजूद संसद में गतिरोध खत्म होता नहीं दिखा। कांग्रेस ने छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के मामले में गृह मंत्री अमित शाह के सदन में बयान और राम मंदिर के कथित चंदा मामले पर चर्चा की अपनी मांग दोहराई। कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि सरकार के एजेंडे को लेकर रिजिजू ने राहुल गांधी से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि विपक्ष शुरू से राम मंदिर चंदा मामले पर चर्चा और छात्रों पर कार्रवाई के मुद्दे पर गृह मंत्री के बयान की मांग करता रहा है। उनके अनुसार संसद बहस और चर्चा के लिए है, लेकिन सरकार बिना चर्चा के विधेयक पारित कराना चाहती है।गृह मंत्री अमित शाह से भी चर्चा
सूत्रों के अनुसार बैठक के बाद रिजिजू ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को चर्चा की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से भी बातचीत की। हालांकि इन बैठकों के संबंध में सरकार या लोकसभा सचिवालय की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
