Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story

20 हजार का इनामी पशु लुटेरा पुलिस मुठभेड़ में घायल

तौली पुलिस ने किया गिरफ्तार, तमंचा, कारतूस और लूट की रकम बदमाश से हुई बरामद

मुजफ्फरनगर। थाना खतौली पुलिस ने पशु लूट के मामले में फरार चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी बदमाश शाहिद को मंगलवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी पर जून माह में रसूलपुर कैलोरा गांव में पिता-पुत्र को बंधक बनाकर दो भैंस और उनके दो बच्चों की लूट करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा 2600 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 11-12 जून 2026 की रात रसूलपुर कैलोरा निवासी सुखपाल ने तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात बदमाशों ने उनके घेर में घुसकर उन्हें और उनके पुत्र को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया तथा दो भैंस और उनके दो बच्चों को लूटकर फरार हो गए। मामले में खतौली थाने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने पहले 19 जून को मुठभेड़ के बाद आरोपी उस्मान तथा 20 जून को उसके साथी फैजान को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि तीसरा आरोपी शाहिद लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

सीओ खतौली रूपाली राव ने मीडिया को दी जानकारी में बताया कि मंगलवार को थाना खतौली पुलिस फुलत मार्ग पर आदर्श जूनियर हाई स्कूल के सामने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर नहर पटरी की ओर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी शाहिद घायल हो गया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

सीओ के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में शाहिद ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देता है। उसने स्वीकार किया कि रसूलपुर कैलोरा में हुई पशु लूट की घटना में वह शामिल था। लूटे गए पशुओं को पशु पैठ में बेचकर रकम आपस में बांट ली गई थी। उसके पास से बरामद 2600 रुपये उसी रकम का बचा हुआ हिस्सा है, जबकि शेष पैसे खर्च किए जा चुके हैं। पुलिस के अनुसार शाहिद मेरठ जनपद के सरूरपुर थाना क्षेत्र के खिवाई गांव का रहने वाला है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वर्तमान में उसके खिलाफ खतौली थाने में दर्ज पशु लूट के मुकदमे में भी वह वांछित था। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बरामदगी एवं मुठभेड़ के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को थाना खतौली पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Nayan Jagriti