Dailyhunt

बंगाल की जीत देश के अटूट विश्वास का प्रतीकः कपिल देव

योगी के मंत्री ने कहा-भ्रष्टाचार के खिलाफ विकास के विश्वास में भाजपा के साथ आया प्रचंड जनादेश

मुजफ्फरनगर। सोमवार को सामने आये पाँच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है।

पश्चिम बंगाल, असम और पुड्डूचेरी में भारतीय जनता पार्टी के प्रदर्शन को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने इसे देश की जनता के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा के प्रति मजबूत विश्वास और राष्ट्रवाद आधारित विकास की राजनीति की जीत बताया है।

पाँच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के परिणाम सामने आने के बाद पश्चिम बंगाल की प्रचंड जीत और असम में वापसी को लेकर भाजपा नेताओं में उत्साह का माहौल है। पश्चिम बंगाल में पहली बार पार्टी को प्रचंड बहुमत मिलने और असम में सत्ता वापसी को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अपनी प्रतिक्रिया दी। कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि यह जीत केवल एक राज्य में सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि देश की जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हृदय से लेकर बंगाल तक यह केवल नक्शे का विस्तार नहीं, बल्कि एक ऐसे राष्ट्र की पहचान है जो लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि उत्तर से पूर्वाेत्तर तक परिवर्तन की स्पष्ट लहर दिखाई दे रही है और बंगाल इस बदलाव का नया अध्याय बन चुका है। विकसित भारत 2047 के संकल्प के साथ यह जीत देशवासियों के समर्पण और राष्ट्रहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि यह सफलता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन और सटीक रणनीति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बंगाल में यह जीत केवल सरकार बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य को भय, कुशासन और पिछड़ेपन से बाहर निकालकर उसकी अस्मिता और गौरव को पुनर्स्थापित करने का प्रयास है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने वाले सुरक्षा बलों और मतदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि उनके निर्भय मतदान ने लोकतंत्र को और मजबूत किया है। यह जनसमर्थन नए भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जहां सुशासन, विकास और राष्ट्रीय गौरव एक साथ साकार हो रहे हैं।

विपक्ष पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि इन चुनाव परिणामों से स्पष्ट है कि कांग्रेस लगातार अपनी प्रासंगिकता खो रही है और विपक्षी गठबंधन आंतरिक विरोधाभासों से जूझ रहा है। इसके विपरीत, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की जनता का विश्वास लगातार सुदृढ़ हो रहा है, जिससे भारत वैश्विक स्तर पर एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। खासतौर से बंगाल के चुनावी परिणाम पर उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब विकास, पारदर्शिता और मजबूत नेतृत्व को प्राथमिकता दे रही है। ये परिणाम केवल चुनावी आंकड़े नहीं, बल्कि जनभावनाओं का प्रतिबिंब हैं, जो एक सशक्त और विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Nayan Jagriti