Dailyhunt

भव्य होगा चतुर्दशम श्री श्याम गुणगान महोत्सव, 4 मई को सजेगा अलौकिक दरबार

10 वर्ष बाद मुजफ्फरनगर पहुंचेंगे नंदू जी महाराज, भजन संध्या, छप्पन भोग और श्याम रसोई होगी आकर्षण का केंद्र

मुजफ्फरनगर। श्याम भक्तों के लिए भक्ति, संगीत और श्रद्धा का अद्भुत संगम सजने जा रहा है।

श्री श्याम परिवार सुखी संसार समिति (रजि.) द्वारा आयोजित चतुर्दशम श्री श्याम गुणगान महोत्सव में इस बार विशेष आकर्षण के रूप में 10 वर्षों बाद वृंदावन से नंदू जी महाराज की भजन प्रस्तुति होगी। आयोजन को लेकर शनिवार को श्री गणपति धाम, भरतिया कॉलोनी में पत्रकार वार्ता आयोजित कर समिति ने विस्तृत जानकारी साझा की।

मंदिर कमेटी के पदाधिकारी अशोक गर्ग द्वारा मीडिया को बताया गया कि श्री श्याम परिवार सुखी संसार समिति द्वारा आगामी सोमवार 4 मई 2026 को सायं 7.30 बजे से भव्य श्री श्याम गुणगान महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह उत्सव श्री रामलीला भवन, नई मंडी कोतवाली के निकट, नई मंडी मुजफ्फरनगर में आयोजित होगा। बताया कि खाटू वाले श्री श्याम प्रभु की असीम कृपा से यह चतुर्दशम महोत्सव आयोजित किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्याम भक्तों के शामिल होने की संभावना है।

समिति के संरक्षक भीमसेन कंसल ने बताया कि इस अवसर पर "कीर्तन की है रात बाबा आज थाने आणो है" और "श्याम दरबार में अमृत बरसे" जैसे भजनों से भक्तों को भावविभोर करने के लिए वृंदावन से नंद किशोर शर्मा (नंदू जी महाराज) 10 वर्षों के बाद मुजफ्फरनगर पहुंच रहे हैं। उनके साथ मध्य प्रदेश से अधिष्ठा अनुष्का तथा मुजफ्फरनगर से मयंक धीमान भी अपनी भजन प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बनाएंगे। दिल्ली से शिवम इंटरनेशनल म्यूजिकल ग्रुप भी अपनी मधुर संगीतमय प्रस्तुति देगा।

समिति के प्रधान अमित गुप्ता ने बताया कि समिति समय-समय पर धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन करती रही है। इसी क्रम में इस वर्ष का यह चतुर्दशम आयोजन भी विशेष रूप से भव्य और आकर्षक बनाया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल पर बाबा श्याम का मनमोहक श्रृंगार, अलौकिक दरबार, छप्पन भोग और भव्य सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र होंगे।

उन्होंने बताया कि सभी श्रद्धालुओं के लिए श्री श्याम रसोई की विशेष व्यवस्था भी की जाएगी। इसके साथ ही महोत्सव का लाइव प्रसारण यूट्यूब पर सन्नी स्टूडियो चैनल और फेसबुक पर श्री खाटू श्याम मंदिर, मुजफ्फरनगर के पेज के माध्यम से किया जाएगा, जिससे दूर-दराज के श्रद्धालु भी आयोजन से जुड़ सकेंगे। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्री श्याम गुणगान महोत्सव का आनंद लेने और बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

इस अवसर पर राजीव गोयल (गुरुजी), अमित गोयल, ललित बंसल, विवेक अग्रवाल, नवीन गर्ग, अमित गोयल (मोंटू), शशांक राणा, प्रियंक गर्ग, जेपी गोयल, अनिल गोयल, अमरीश सिंघल, विकास अग्रवाल (कन्नू), अशोक मालपानी, लोकेश गोयल, सुनीत मित्तल, गौरव गर्ग, गौरव जिंदल, अंकित अग्रवाल, अंकुश अग्रवाल, पराग अग्रवाल, अतुल गोयल, मुकेश गर्ग, रजत गोयल और अग्रिम सिंघल सहित समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Nayan Jagriti