Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story

घर में तांक-झांक के विवाद में चली गोली, दो युवक गंभीर घायल

गोली लगने के बाद घायल युवक ने धारदार लोहे की पत्ती से किया पलटवार, गांव कुतुबपुर दताना में तनाव व्याप्त, एसपी देहात ने मौके पर पहुंच लिया जायजा

मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना थाना क्षेत्र के कुतुबपुर दताना गांव में घर में तांक-झांक को लेकर दो युवकों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया।

दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, फिर फायरिंग और धारदार हथियार से हमला हुआ। घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

बुढ़ाना थाना क्षेत्र के ग्राम कुतुबपुर दताना में शुक्रवार को दो युवकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला गोलीबारी और धारदार हथियार से हमले तक पहुंच गया। घटना में दोनों पक्षों के एक-एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना बुढ़ाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पारूल पुत्र ईश्वर और मोनू पुत्र घसीटू, दोनों निवासी ग्राम कुतुबपुर दताना, के बीच घर में तांक-झांक को लेकर विवाद शुरू हुआ था। आरोप है कि मोनू द्वारा घर में झांकने का विरोध करने पर कहासुनी बढ़ गई और इसी दौरान फायरिंग हो गई।

बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान एक पक्ष ने गोली चला दी, जिससे पारूल घायल हो गया। गोली लगने के बाद पारूल ने भी धारदार लोहे की पत्ती से मोनू पर हमला कर दिया, जिसमें वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। सुरक्षा के मद्देनजर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक ने स्वयं मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष जांच तथा सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इस मामले में सीओ बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भिजवाया गया है। घटना स्थल पर पुलिस फोर्स को तैनात किया गया। घटना के सभी पहलुओं की जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं गांव में इस घटना को लेकर दोनों पक्षों के लोगों के बीच तनाव व्याप्त है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Nayan Jagriti