Dailyhunt

पशु चोरी का 36 घंटे में खुलासा, मुठभेड़ में शातिर घायल, दो गिरफ्तार

पुलिस मुठभेड़ के बाद किसान के घेर से चुराई गई तीन गाय, अवैध तमंचा और चोरी में प्रयुक्त पिकअप ट्रक बरामद

मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर क्षेत्र में एक किसान के घेर से गौवंशीय पशुओं की चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 36 घंटे में खुलासा कर दिया।

गांव निजामपुर-मुबारिकपुर बस स्टैंड के पास चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने दो पशु चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की तीन गाय, अवैध तमंचा और घटना में प्रयुक्त पिकअप ट्रक बरामद किया है, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव मोरकुक्का से चोरी हुई तीन गायों के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 36 घंटे के भीतर गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी घायल हो गया, जबकि उसका साथी भी कांबिंग के दौरान दबोच लिया गया। सीओ खतौली रूपाली राव ने बताया कि 30 अप्रैल 2026 को गांव मोरकुक्का निवासी विकास कुमार ने थाना मंसूरपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घेर से तीन गाय चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया।

सीओ ने बताया कि 01 और 02 मई की रात पुलिस टीम निजामपुर-मुबारिकपुर बस स्टैंड के पास संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक वाहन मोड़कर भागने लगा। भागने के प्रयास में पिकअप का पहिया खेत में फंस गया। वाहन फंसते ही उसमें सवार बदमाश उतरकर पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस टीम बाल-बाल बची। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरे आरोपी को कांबिंग के दौरान दबोच लिया गया। तीसरा आरोपी अंधेरे और खड़ी फसल का फायदा उठाकर फरार हो गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रियांशु उर्फ निक्की पुत्र निवासी मुकल्लमपुर थाना मीरापुर और इरफान अंसारी पुत्र इस्लामुदीन निवासी भैंसी थाना खतौली के रूप में हुई है। फरार आरोपी की पहचान तालिब पुत्र साजिद अली निवासी लक्सर रोड विजयनगर, रुड़की के रूप में हुई है। सीओ ने बताया कि पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पशु चोरी कर उन्हें पशु पैठ बाजार में बेचते थे। उन्होंने अपने फरार साथी के साथ मिलकर गांव मोरकुक्का से तीनों गाय चोरी की थीं और उन्हें बेचने जा रहे थे, तभी पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, चोरी में प्रयुक्त पिकअप ट्रक नंबर यूपी12एटी8526 और चोरी की तीन गाय बरामद की हैं। घायल आरोपी प्रियांशु को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। सीओ ने घटना का खुलासा करने पर मन्सूरपुर एसएचओ इंस्पेक्टर विपिन कुमार त्यागी और उनकी टीम की सराहना की है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Nayan Jagriti