Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
चंपावत में भारी बारिश से बंद हुआ टनकपुर-पिथौरागढ़ हाईवे, डेढ़ घंटे बाद यातायात बहाल

चंपावत में भारी बारिश से बंद हुआ टनकपुर-पिथौरागढ़ हाईवे, डेढ़ घंटे बाद यातायात बहाल

Network10 2 weeks ago

त्तराखंड के चंपावत जिले में रविवार सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया। भारी बारिश के चलते टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग अमोड़ी के पास मलबा आने से बंद हो गया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में मलबा और पत्थर सड़क पर आ गए, जिसके कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। इस दौरान एक कार भी मलबे में फंस गई। सड़क बंद होने से सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन दोनों ओर रुक गए और यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने का कार्य शुरू किया। हालांकि लगातार हो रही तेज बारिश के कारण राहत और सफाई कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि मशीनों और कर्मचारियों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद सड़क पर जमा मलबा हटाया गया। करीब डेढ़ घंटे की मेहनत के बाद राजमार्ग को पूरी तरह साफ कर यातायात बहाल कर दिया गया। प्रशासन ने यात्रियों से बारिश के मौसम में पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करते समय सतर्कता बरतने की अपील की है। मौसम विभाग द्वारा प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जिसके चलते प्रशासन लगातार संवेदनशील इलाकों पर नजर बनाए हुए है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Network10