Dailyhunt
दिल्ली में बारिश से बदला मौसम, तापमान गिरा, हवा भी हुई साफ

दिल्ली में बारिश से बदला मौसम, तापमान गिरा, हवा भी हुई साफ

Network10 1 week ago

दिल्ली में रात भर हुई बारिश और गरज के साथ हुई बौछारों के कारण बुधवार को तापमान में काफी गिरावट आई और वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ। बुधवार की सुबह न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अप्रैल के शुरुआती दिनों के लिए गर्मी में उल्लेखनीय गिरावट दर्शाता है।

सफदरजंग में स्थित शहर के मुख्य मौसम निगरानी केंद्र ने सुबह साढ़े आठ बजे तक, बीते 24 घंटों में 6.4 मि.मी. बारिश दर्ज की।

चार अप्रैल 2023 को 16.3 मि.मी. बारिश दर्ज की गई थी जिसके बाद इस साल इतनी बारिश दर्ज की गई है। अन्य निगरानी केंद्रों में पालम में 4.4 मि.मी., लोधी रोड में 5.6 मि.मी. और रिज में 3.6 मि.मी. बारिश दर्ज की गई। आयानगर में 14.3 मि.मी. बारिश दर्ज की गई, जो सभी निगरानी केंद्र में सबसे अधिक है। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बुधवार को गरज के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया था।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से व्यापक बादल छा गए हैं और बारिश हो रही है। अलग-अलग निगरानी केंद्र पर न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस घटकर 16.8 डिग्री सेल्सियस हो गया; पालम में 4.1 डिग्री सेल्सियस घटकर 15.5 डिग्री सेल्सियस हो गया; लोधी रोड में 2.4 डिग्री सेल्सियस घटकर 16.2 डिग्री सेल्सियस हो गया; रिज में 1.9 डिग्री सेल्सियस घटकर 15.3 डिग्री सेल्सियस हो गया और आयानगर में 1.7 डिग्री सेल्सियस घटकर 16.4 डिग्री सेल्सियस हो गया।

वायु गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार देखा गया। सुबह नौ बजे समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 82 रहा, जो 'संतोषजनक' श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई "अच्छा", 51-100 "संतोषजनक", 101-200 "मध्यम", 201-300 "खराब", 301-400 "बहुत खराब" और 401 से 500 के बीच एक्यूआई को "गंभीर" माना जाता है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Network10