Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम, कई इलाकों में बारिश; IMD ने गरज-चमक की जताई संभावना

दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम, कई इलाकों में बारिश; IMD ने गरज-चमक की जताई संभावना

Network10 1 week ago

दिल्ली-एनसीआर में रविवार को मौसम ने अचानक करवट ली। राजधानी के कई इलाकों में बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दोपहर और शाम के दौरान कई जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार दोपहर 1 बजे नई दिल्ली का तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, एनसीआर के कुछ इलाकों में तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। पिछले 24 घंटों में दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की, जबकि कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश दर्ज की गई।

आईएमडी के अनुसार, इस दौरान न्यूनतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। दिल्ली में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दक्षिण-पूर्वी हवाएं चलीं, जबकि पालम इलाके में हवा की रफ्तार 37 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई।मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अगले दो दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

वहीं, दूसरी ओर मुंबई और रायगढ़ में भारी बारिश का दौर जारी है। आईएमडी ने इन इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मुंबई के कुछ हिस्सों में पिछले 23 घंटों में 250 से 300 मिमी तक बारिश दर्ज की गई है। भारी बारिश के बावजूद मुंबई की चारों लोकल रेल कॉरिडोर पर ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। हालांकि, रेलवे ने यात्रियों से जरूरत पड़ने पर ही घर से निकलने और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा सलाह का पालन करने की अपील की है।

सेंट्रल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने बताया कि बारिश का असर मुख्य रूप से 8 से 10 लंबी दूरी की ट्रेनों पर पड़ा है, जबकि लोकल ट्रेन सेवाएं बिना किसी बड़ी बाधा के संचालित हो रही हैं। इस बीच, मुंबई के कुर्ला पश्चिम में रविवार को तेज बारिश के दौरान एक पेड़ दुकान पर गिर गया। इस हादसे में 63 वर्षीय यूनुस कुंडावाला गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जांच जारी है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Network10