Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
हाथ में बंदूक थामे खेलगांव शूटिंग रेंज का औचक निरीक्षण करते दिखे CM हेमंत सोरेन, बदहाल व्यवस्था पर जताई नाराजगी

हाथ में बंदूक थामे खेलगांव शूटिंग रेंज का औचक निरीक्षण करते दिखे CM हेमंत सोरेन, बदहाल व्यवस्था पर जताई नाराजगी

Network10 1 week ago

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को रांची के खेलगांव स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शूटिंग रेंज की खराब व्यवस्था, खिलाड़ियों को मिल रही सुविधाओं और आधारभूत ढांचे की स्थिति पर नाराजगी जताई।

मुख्यमंत्री ने 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर शूटिंग रेंज का निरीक्षण किया। उन्होंने शूटिंग उपकरणों, खिलाड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था, प्रशिक्षण की सुविधाओं और पूरे परिसर के रखरखाव का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से कई जरूरी जानकारियां लीं और व्यवस्थाओं में जल्द सुधार करने के निर्देश दिए। इस मौके पर खेल मंत्री सुदिव्य कुमार भी मौजूद रहे।

खिलाड़ियों को मिलें विश्वस्तरीय सुविधाएं

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड खेल प्रतिभाओं की धरती है। राज्य के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। ऐसे में खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रशिक्षण व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाए, ताकि ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का भी आधार है।

शूटिंग रेंज का होगा आधुनिकीकरण

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को शूटिंग रेंज के समग्र विकास के लिए जल्द कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और उन्हें सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने शूटिंग रेंज के उपकरणों की मरम्मत, बेहतर रखरखाव और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब यहां की व्यवस्थाएं तय मानकों के अनुसार होंगी, तब राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की बेहतर तैयारी कर सकेंगे।

सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने फायर एक्सटिंग्विशर और फायर हाइड्रेंट की व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने नियमित रूप से मॉक ड्रिल कराने और पूरे परिसर में सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने शूटिंग रेंज में अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से बातचीत भी की और उनकी समस्याएं तथा सुझाव सुने। इस दौरान उन्होंने खुद भी शूटिंग राइफल से निशाना लगाया। निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव अविनाश कुमार, खेल विभाग के सचिव मुकेश कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Network10