Dailyhunt
इंदिरापुरम हाईराइज में लगी आग, कई लोग रेस्क्यू, बड़ा हादसा टला

इंदिरापुरम हाईराइज में लगी आग, कई लोग रेस्क्यू, बड़ा हादसा टला

Network10 1 week ago

गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर-9 इलाके में सोमवार तड़के आग लगने से कई झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) राहुल कुमार ने बताया, "सुबह करीब 5:30 बजे सूचना मिलते ही तीन दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।

वहां पहुंचने पर 4-5 प्रेसिंग काम में इस्तेमाल होने वाली झुग्गियां आग की चपेट में थीं। तुरंत दोनों तरफ से पाइप लगाकर आग पर काबू पाया गया। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।" इसी दौरान एक अलग घटना में गाजियाबाद के इंदिरापुरम के अभय खंड स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू में भीषण आग लग गई।

सीएफओ ने बताया, "इस घटना में भी कोई हताहत नहीं हुआ। कुछ लोग फंस गए थे, जिन्हें फायर सर्विस ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। 9वीं से 11वीं मंजिल तक 5-6 फ्लैट प्रभावित हुए, जिनमें कुछ बंद थे और कुछ खुले थे। अब आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है।" उन्होंने बताया कि मौके पर 17 से ज्यादा दमकल गाड़ियां और हाइड्रोलिक उपकरण लगाए गए थे। कुछ फ्लैट खाली थे, जबकि कुछ को आंशिक नुकसान पहुंचा है।

गौर ग्रीन एवेन्यू में आग लगने की घटना के बाद गाजियाबाद जिला प्रशासन ने शहर के सभी हाईराइज इमारतों का एक सप्ताह के भीतर विस्तृत सेफ्टी सर्वे कराने का फैसला लिया है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मंदर ने कहा कि इस घटना के बाद फायर सेफ्टी और आपदा प्रबंधन को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया, "सात दिनों के भीतर सर्वे रिपोर्ट तैयार होगी, जिसके आधार पर सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।" उन्होंने यह भी कहा कि जिला आपदा प्रबंधन समिति की बैठक में पुलिस, नगर निगम, बिजली विभाग, फायर सर्विस और अन्य एजेंसियों सहित 17 विभागों के अधिकारियों ने हालात और तैयारियों की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बिल्डिंग नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Network10