Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
पूर्वांचल के दौरे पर CM योगी, बलिया में बाढ़ का हवाई सर्वेक्षण, देवरिया और गोरखपुर को देंगे विकास परियोजनाओं की सौगात

पूर्वांचल के दौरे पर CM योगी, बलिया में बाढ़ का हवाई सर्वेक्षण, देवरिया और गोरखपुर को देंगे विकास परियोजनाओं की सौगात

Network10 2 weeks ago

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को पूर्वांचल के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह बलिया में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर हालात का जायजा लेंगे। साथ ही बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री भी वितरित की जाएगी।

मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान देवरिया और गोरखपुर में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बलिया पहुंचकर बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। वह बांसडीह, बैरिया और सदर तहसील के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में हालात का जायजा लेंगे। मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की जाएगी।

मुख्यमंत्री देवरिया के सलेमपुर और भाटपार रानी विधानसभा क्षेत्रों में कुल 305 करोड़ रुपये की 80 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। सलेमपुर क्षेत्र में कई परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा, जबकि भाटपार रानी विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र और सहायता राशि भी वितरित करेंगे।

अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर को भी 170 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री बशारतपुर में कल्याण मंडपम का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही गोरखपुर नगर निगम की 140 और गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की 30 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। इन परियोजनाओं की कुल लागत 130.73 करोड़ रुपये बताई गई है। मुख्यमंत्री के इस पूर्वांचल दौरे को एक ओर जहां बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है, वहीं दूसरी ओर देवरिया और गोरखपुर में विकास परियोजनाओं की सौगात के जरिए क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Network10