रांची: राजधानी रांची से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला है। शनिवार को चुटिया शनि मंदिर के पास एक तेज रफ्तार कार ने कई लोगों को टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग गुस्से में आ गए।
हालात बिगड़ते देख कार चालक वहां से भाग निकला और अपनी जान बचाने के लिए गाड़ी लेकर सीधे थाने पहुंच गया। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। यह घटना चुटिया थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, शनि मंदिर के पास उस समय लोगों की भीड़ थी। इसी दौरान काले रंग की एक कार तेज रफ्तार में वहां पहुंची और सड़क पर चल रहे लोगों को टक्कर मारते हुए निकल गई। इस हादसे में चार लोग घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को रांची सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, कई अन्य लोगों को हल्की चोटें भी आई हैं। हादसे के बाद कार चालक भागकर चुटिया थाना पहुंचा, जहां उसने खुद को भीड़ के गुस्से से बचाया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

