Dailyhunt
चाईबासा में अवैध शराब कारोबार पर बड़ा वार! 2000 किलो जावा महुआ नष्ट, एक गिरफ्तार

चाईबासा में अवैध शराब कारोबार पर बड़ा वार! 2000 किलो जावा महुआ नष्ट, एक गिरफ्तार

News Aroma 1 week ago

चाईबासा : चाईबासा जिले के मंझारी थाना क्षेत्र के उलीडीह गांव में उत्पाद विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में जावा महुआ नष्ट किया गया।

जानकारी के अनुसार यह अभियान डीसी मनीष कुमार के निर्देश पर चलाया गया। उत्पाद विभाग ने टीम गठित कर मंझारी थाना पुलिस के सहयोग से उलीडीह गांव में छापा मारा। इस दौरान अवैध शराब बनाने वाली भट्टी को ध्वस्त कर दिया गया।

छापेमारी के दौरान टीम ने करीब 2000 किलो जावा महुआ नष्ट किया। इसके अलावा लगभग 90 लीटर अवैध शराब भी बरामद की गई। वहीं, एक दुकान से साढ़े 6 लीटर बियर भी जब्त की गई। अभियान के दौरान शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी बरामद हुए, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया। इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबार को बड़ा झटका माना जा रहा है।

इस मामले में उत्पाद विभाग ने पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। छापेमारी के दौरान चंद्रमोहन सवैया को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, श्याम सिंह मुंडा, बीरू मुंडा, रुई मुंडा और चंद्र मुंडा मौके से फरार होने में सफल रहे। उत्पाद विभाग और पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News Aroma