Dailyhunt
दुमका कोर्ट के बाहर हाई वोल्टेज ड्रामा! पत्नी ने सबके सामने पति को पीटा, फिर हुआ जमकर हंगामा

दुमका कोर्ट के बाहर हाई वोल्टेज ड्रामा! पत्नी ने सबके सामने पति को पीटा, फिर हुआ जमकर हंगामा

News Aroma 6 days ago

दुमका: दुमका व्यवहार न्यायालय के बाहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने अचानक अपने पति की सरेआम पिटाई शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के परिजन भी आमने-सामने आ गए और माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।

स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। इसके बाद सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अपने साथ थाने ले गई।

जानकारी के मुताबिक, जामा थाना क्षेत्र के छैलापाथर गांव की रहने वाली सबीरा खातून की शादी करीब दो साल पहले मसलिया प्रखंड के दुबराजपुर पंचायत स्थित बड़ा डुमरिया गांव के नुरेमान अंसारी से हुई थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो धीरे-धीरे बढ़ते हुए अब कोर्ट तक पहुंच चुका है। बताया जा रहा है कि जामा थाना में कांड संख्या 57/25 के तहत पहले से मामला दर्ज है और फिलहाल इसकी सुनवाई कोर्ट में चल रही है। इसी सिलसिले में मंगलवार को दोनों पक्ष अदालत पहुंचे थे।

महिला सबीरा खातून का आरोप है कि उसके पति नुरेमान अंसारी और उनके परिजन उस पर केस वापस लेने का दबाव बना रहे थे। इतना ही नहीं, उसने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई।

महिला ने अपने पति पर दूसरी शादी करने का भी गंभीर आरोप लगाया है। वहीं, नुरेमान अंसारी ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि मारपीट उनकी पत्नी ने ही की है और दूसरी शादी की बात बिल्कुल गलत है। फिलहाल दोनों पक्ष नगर थाना पहुंचे हैं, जहां महिला की ओर से लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। मामले की जांच जारी है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News Aroma