Dailyhunt
झारखंड में हाथियों का कहर जारी, रामगढ़ में तीन मजदूरों की मौत, एक गंभीर घायल

झारखंड में हाथियों का कहर जारी, रामगढ़ में तीन मजदूरों की मौत, एक गंभीर घायल

News Aroma 2 weeks ago

रामगढ़ : झारखंड में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। राज्य के विभिन्न इलाकों में लगातार हो रही घटनाओं के बीच अब रामगढ़ जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां हाथियों के हमले में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, गोला वन क्षेत्र में लगभग 12 हाथियों का झुंड घुस आया। शुक्रवार सुबह इन हाथियों ने अलग-अलग स्थानों पर हमला कर तीन लोगों को कुचलकर मार डाला। हाथियों ने ईंट भट्ठे पर सो रहे दो मजदूरों को निशाना बनाया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा, जंगल में महुआ चुनने गए एक बुजुर्ग पर भी हाथियों ने हमला कर दिया, जिससे उनकी जान चली गई।

मृतकों की पहचान धीरज भुइंया, युगल भुइंया और श्यामदेव (निवासी मुरपा गांव) के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि ये सभी मजदूर ईंट बनाने के काम से वहां पहुंचे थे। घटना में एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

राज्य में बढ़ती ऐसी घटनाओं को लेकर चिंता गहराती जा रही है। इस बीच सरकार ने हाथियों के हमलों से प्रभावित लोगों को शीघ्र मुआवजा देने का आश्वासन दिया है। हालांकि, लगातार हो रही घटनाएं मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीर समस्या की ओर इशारा कर रही हैं।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News Aroma