Dailyhunt
खूंटी में खेलते-खेलते मौत के मुंह में समा गए तीन मासूम, गांव में पसरा मातम

खूंटी में खेलते-खेलते मौत के मुंह में समा गए तीन मासूम, गांव में पसरा मातम

News Aroma 1 week ago

Children Drowning : खूंटी जिले के तोरपा थाना क्षेत्र के गुफु बड़का टोली गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चों की जान चली गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मिली जानकारी के मुताबिक, तीनों बच्चे राजकीय प्राथमिक विद्यालय, गुफु के छात्र थे। इनमें निमिसन गुड़िया (8 वर्ष), पिता सुमन गुड़िया, जो कक्षा 2 में पढ़ता था; जइसन गुड़िया (10 वर्ष), पिता सुमन गुड़िया, कक्षा 3 का छात्र; और डेविड गुड़िया (6 वर्ष), पिता हेरमन गुड़िया, कक्षा 1 का छात्र शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि स्कूल की छुट्टी के बाद तीनों बच्चे घर जाने की बजाय पास के एक तालाब की ओर खेलने चले गए। खेलते-खेलते वे तालाब के करीब पहुंच गए और आशंका है कि नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से तीनों डूब गए।

जब काफी देर तक बच्चे घर नहीं लौटे, तो निमिसन और जइसन की मां मेलानी गुड़िया उन्हें ढूंढने निकलीं। तालाब के किनारे बच्चों के कपड़े पड़े देख उनके होश उड़ गए। अनहोनी की आशंका में उन्होंने तुरंत शोर मचाकर गांववालों को बुलाया।

ग्रामीण प्रवीण गुड़िया और लुकस गुड़िया ने बिना देर किए तालाब में छलांग लगा दी और कड़ी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

इस हादसे ने परिवारों को ऐसा गहरा जख्म दिया है, जो शायद ही कभी भर पाए। सुमन गुड़िया ने अपने दोनों बेटों निमिसन और जइसन को इस हादसे में खो दिया।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News Aroma