Ranchi Model Corridor : राजधानी रांची को जाम, अतिक्रमण और अव्यवस्था से मुक्त कर आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में रांची नगर निगम ने बड़ी पहल की है। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने शनिवार को निगम और संबंधित विभागों के वरीय अधिकारियों के साथ कांके रोड स्थित राम मंदिर से रातू रोड चौक, हरमू बायपास होते हुए कैलाशपति मिश्र चौक तथा सिरमटोली चौक से इंदिरा गांधी चौक चुटिया होते हुए बहु बाजार तक औचक निरीक्षण किया।
इन मार्गों को चरणबद्ध तरीके से मॉडल कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसके लिए जल्द ही मेगा ड्राइव शुरू होगा।
निरीक्षण के दौरान सभी अधिकारी एक ही वाहन में पूरे मार्ग का भ्रमण करते हुए सड़क, फुटपाथ, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, स्वच्छता, हरित क्षेत्र, रोड मेडियन, होर्डिंग, अतिक्रमण और नागरिक सुविधाओं का विस्तृत आकलन किया। नगर आयुक्त ने विभागवार कार्ययोजना बनाकर तय समय सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि फुटपाथ केवल पैदल यात्रियों के लिए हैं। जहां फुटपाथ नहीं हैं वहां नए पाथवे बनाए जाएंगे और जहां अतिक्रमण है उसे हटाया जाएगा। साथ ही पूरे मॉडल कॉरिडोर में स्थित दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के ट्रेड लाइसेंस की जांच होगी। बिना वैध लाइसेंस संचालित प्रतिष्ठानों और रिहायशी भवनों में चल रही अवैध व्यावसायिक गतिविधियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कॉरिडोर के सौंदर्यीकरण के लिए रोड मेडियन पर बागवानी, खाली दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग, ग्रीन पैच विकसित करने और अवैध होर्डिंग हटाने के निर्देश दिए गए। कैलाशपति मिश्र चौक के पास सार्वजनिक पार्क विकसित करने का प्रस्ताव भी तैयार किया जाएगा।
वहीं सिरमटोली से बहु बाजार तक सड़क के दोनों ओर पेवर ब्लॉक युक्त पाथवे, व्यवस्थित वेंडिंग जोन और रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष मेगा प्रोजेक्ट तैयार किया जाएगा। इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विशेष टास्क फोर्स का भी गठन होगा।
नगर आयुक्त ने कहा कि यह पहल केवल सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को सुरक्षित आवागमन, बेहतर आधारभूत सुविधाएं, सुचारु यातायात और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने की दीर्घकालिक योजना है। उन्होंने बताया कि इस मॉडल कॉरिडोर की सफलता के बाद शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी इसी तरह की कार्ययोजना लागू की जाएगी।

