बोकारो: बोकारो से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। नावाडीह थाने से लगभग ढाई किलोमीटर दूर स्थित कुकुरलीलवा गांव में सुबह करीब 8 बजे एक ही परिवार के तीन लोगों की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई।
घटना को लेकर बताया जा रहा कि हमलावर ने सबसे पहले वृद्ध महिला पर कुल्हाड़ी से वार किया। उन्हें बचाने आए उसके पति पर भी उसने ताबड़तोड़ वार कर दिए जिससे उनकी भी मौत हो गई। इसके बाद बीच-बचाव करने पहुंची बहू की भी बेरहमी से हत्या कर दी। मृतकों की पहचान जानकी महतो, उनकी पत्नी और उनकी बहू के रूप में हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी राजू सिंह मानसिक रूप से अस्थिर बताया जाता है। उसने पहले भी अपने परिजनों के साथ मारपीट की थी। बीते सप्ताह उसने अपनी पत्नी की भी बेरहमी से पिटाई की थी। फिलहाल उसकी पत्नी अस्पताल में भर्ती है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। आरोपी राजू सिंह को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। विधायक जयराम महतो ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

