Dailyhunt
उग्रवादियों का आतंकी हमला, बिष्णुपुर में सोते हुए परिवार पर फेंका बम, दो बच्चों की दर्दनाक मौत, मां गंभीर

उग्रवादियों का आतंकी हमला, बिष्णुपुर में सोते हुए परिवार पर फेंका बम, दो बच्चों की दर्दनाक मौत, मां गंभीर

News Aroma 1 week ago

इंफाल : मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में मंगलवार को संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने एक घर पर बम से हमला किया। इस दर्दनाक घटना में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई।

अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना मंगलवार देर रात करीब एक बजे मोइरांग ट्रोंग्लाओबी इलाके में हुई। जानकारी के अनुसार, जिस समय संदिग्ध उग्रवादियों ने बम फेंका, उस समय परिवार घर के अंदर सो रहा था। विस्फोट इतना जोरदार था कि पांच वर्षीय लड़के और छह महीने की बच्ची की मौके पर ही जान चली गई। बता दें कि मोइरांग ट्रोंग्लाओबी इलाका चुराचांदपुर के पहाड़ी क्षेत्रों के करीब निचले हिस्से में स्थित है। वर्ष 2023 और 2024 में जातीय संघर्ष के चरम पर होने के दौरान भी इस इलाके में लगातार गोलीबारी की घटनाएं सामने आई थीं।

भाजपा के स्थानीय विधायक टी. एच. शांति सिंह ने ट्रोंग्लाओबी आवांग लेकाई में हुए इस निर्दयी हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे "कुकी नार्को-आतंकवादियों" की करतूत बताते हुए कहा कि यह जघन्य कृत्य आतंकवाद से कम नहीं है। विधायक ने कहा, "ऐसे अमानवीय कृत्यों का हमारे समाज में कोई स्थान नहीं है और इसकी कड़े शब्दों में निंदा होनी चाहिए।" उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए जान गंवाने वाले दोनों बच्चों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News Aroma