Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
बीकानेर में भीषण धूल भरी आंधी का कहर, दिन में छाया अंधेरा, बिजली और यातायात व्यवस्था प्रभावित

बीकानेर में भीषण धूल भरी आंधी का कहर, दिन में छाया अंधेरा, बिजली और यातायात व्यवस्था प्रभावित

राजस्थान में मौसम का रौद्र रूप, तेज हवाओं और धूल के गुबार से जनजीवन अस्त-व्यस्त, अगले कई दिनों तक राहत के आसार नहीं

राजस्थान के बीकानेर शहर में शनिवार(30 मई) दोपहर एक भीषण धूल भरी आंधी ने अचानक दस्तक देकर पूरे शहर को अपनी चपेट में ले लिया।

तेज हवाओं के साथ उठे विशाल धूल के गुबार ने कुछ ही मिनटों में शहर को घने पीले-भूरे धुएं जैसी परत से ढक दिया, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई और सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।

आंधी इतनी तीव्र थी कि दिन के समय भी अंधेरे जैसा माहौल बन गया। शहर के कई इलाकों में लोगों ने ऐसे दृश्य देखे जिन्हें उन्होंने किसी आपदा, या प्रलय जैसे हालात से तुलना की जा रही थी। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में देखा जा सकता है कि पीली धूल की विशाल दीवार तेजी से शहर की ओर बढ़ रही है और देखते ही देखते इमारतों, सड़कों तथा खुले मैदानों को अपने आगोश में ले लेती है।

Video: Massive Dust Storm Plunges Rajasthan's Bikaner Into Near-Darkness https://t.co/Rg7I8Ans9rpic.twitter.com/6Ng225RSax

- NDTV (@ndtv)

धूल भरी आंधी के कारण बीकानेर की पहचान बनने वाली शहर की क्षितिज रेखा पूरी तरह धुंधली हो गई। आसमान घने धूल भरे बादलों से ढक गया और पूरा शहर पीले रंग की परत में लिपटा नजर आया। तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर लोगों को घरों और दुकानों के भीतर शरण लेनी पड़ी।

मुख्य सड़कों पर दृश्यता अचानक बेहद कम हो जाने से वाहन चालकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर यातायात धीमा पड़ गया, जबकि कुछ इलाकों में लोगों ने सुरक्षा कारणों से अपने वाहन रोक दिए। आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों में धूल से भरी तेज हवाओं के चलते अफरा-तफरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।

बाजारों में भी आंधी का असर साफ दिखाई दिया। दुकानदारों ने सामान को धूल से बचाने के लिए जल्दबाजी में अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए। कई व्यापारिक प्रतिष्ठानों ने अस्थायी रूप से कामकाज रोक दिया। वहीं राहगीर सुरक्षित स्थानों की तलाश में इधर-उधर भागते नजर आए। तेज हवाओं के दबाव के कारण कुछ जगहों पर पेड़ों की शाखाएं टूटने की भी खबरें सामने आईं। इसके अलावा शहर के कुछ हिस्सों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई, जिससे लोगों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ा।

यह धूल भरी आंधी राजस्थान में जारी अस्थिर मौसम की व्यापक स्थिति का हिस्सा मानी जा रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की गई। धौलपुर जिले के बाड़ी क्षेत्र में सर्वाधिक 58 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

जयपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने बीकानेर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, जोधपुर और उदयपुर संभागों में तेज आंधी और खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। पूर्वानुमान के अनुसार राजस्थान के कई हिस्सों में अगले चार से पांच दिनों तक दोपहर बाद गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं, जिससे मौसम संबंधी व्यवधान और बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

बोधगया पहुंचे म्यांमार राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग, राज्यपाल ने स्वागत किया!

बार-बार खाने या भूखे रहने की आदत हो सकती है खतरनाक, जानें क्या है 'ईटिंग डिसऑर्डर'!

तंबाकू छोड़ते ही मिलने लगते हैं फायदे, सिर्फ 20 मिनट में दिखने लगता है असर!

भारत की वियतनाम के साथ 6,000 करोड़ रुपये की ब्रह्मोस डील पक्की

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News Danka Hindi