Dailyhunt
मध्य प्रदेश : कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह करा रहे हैं श्री राम महायज्ञ, भक्तों को दिया न्योता!

मध्य प्रदेश : कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह करा रहे हैं श्री राम महायज्ञ, भक्तों को दिया न्योता!

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने इस भक्तिमय आयोजन में सनातन धर्म के ध्वज वाहक भगवान स्वरूप चारों पीठों के शंकराचार्य महाराजों को आदर के साथ निमंत्रण दिया है।

दिग्विजय सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जानकारी दी है कि 18 से 28 मई तक अभूतपूर्व अनुष्ठान 151 कुण्डीय श्री राम महायज्ञ, वेद पुराण, श्रीमद् भागवत, श्री रामचरितमानस आदि के पाठ का विश्व कल्याणार्थ भव्य आयोजन रखा गया है।

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने इस भक्तिमय आयोजन में सनातन धर्म के ध्वज वाहक भगवान स्वरूप चारों पीठों के शंकराचार्य महाराजों को आदर के साथ निमंत्रण दिया है। उन्होंने बताया कि वे राज्यपाल, मुख्यमंत्री व मध्य प्रदेश सरकार के समस्त मंत्रीगण, प्रदेश की समस्त राजनीतिक पार्टियों के सम्माननीय विधायकों, जनप्रतिनिधियों व पदाधिकारियों को विधिवत निमंत्रित करेंगे।

उन्होंने बताया कि ब्रह्मलीन संत पंडित देवप्रभाकर शास्त्री "पूज्य दद्दा" के अतिप्रिय शिष्य, मशहूर फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा, 18 मई को भैंसाना यज्ञ प्रांगण में धर्ममय उद्बोधन देंगे एवं अपनी प्रभावी शैली में शिवतांडव स्तोत्र का हिंदी में भावानुवाद प्रस्तुत करेंगे।

कांग्रेस नेता ने आगे बताया कि उन्होंने इस आयोजन में प्रसिद्ध कवि एवं रामकथा वाचक कुमार विश्वास को भी निमंत्रण भेजा है।

दिग्विजय सिंह ने देश-प्रदेश के रामभक्त सनातन धर्म प्रेमियों को सह परिवार, इष्ट मित्रों के साथ यज्ञ में पधारने का आवाहन करते हुए कहा है कि यज्ञ की महिमा अपरम्पार है एवं यज्ञ भारतीय सनातन संस्कृति के आधारस्तंभ हैं, जो देव-पूजा, हवन और दान का मिश्रण हैं। यज्ञ न केवल आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करते हैं, बल्कि अग्नि के माध्यम से पर्यावरण को शुद्ध कर रोगों का शमन भी करते हैं।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News Danka Hindi