अगर जून के महीने में आपको बैंक जाकर कोई जरूरी काम निपटाना है, तो यह खबर आपके लिए बेहद अहम है. नया महीना शुरू होने से पहले ही भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ओर से जारी बैंक हॉलिडे कैलेंडर ने साफ कर दिया है कि जून 2026 में देशभर में बैंक कुल 13 दिन बंद रहने वाले हैं.
इन छुट्टियों में रविवार, दूसरे और चौथे शनिवार के अलावा अलग-अलग राज्यों के क्षेत्रीय त्योहार और जयंती भी शामिल हैं. खास बात यह है कि महीने के आखिरी सप्ताह में मुहर्रम और वीकेंड की वजह से कई शहरों में लगातार तीन से चार दिनों तक बैंक बंद रहेंगे. ऐसे में अगर आपको ड्राफ्ट बनवाना है, केवाईसी अपडेट करानी है, चेक क्लियर कराना है या लॉकर से जुड़ा काम करना है, तो पहले छुट्टियों की तारीखें जरूर देख लें.
RBI कैलेंडर के मुताबिक जून 2026 में पूरे देश में पड़ने वाले नियमित अवकाश इस प्रकार हैं:
- 7 जून: रविवार
- 13 जून: दूसरा शनिवार
- 14 जून: रविवार
- 21 जून: रविवार
- 27 जून: चौथा शनिवार
- 28 जून: रविवार
इन तारीखों पर देशभर में सभी बैंक शाखाएं बंद रहेंगी.
जून में कई राज्यों में स्थानीय त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के कारण भी बैंक बंद रहेंगे.
- 15 जून: YMA Day और राजा संक्रांति: इस दिन आइजोल और भुवनेश्वर में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी.
- 17 जून: महाराणा प्रताप जयंती : हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में बैंक अवकाश रहेगा.
- 18 जून: श्री गुरु अर्जुन देव जी शहीदी दिवस : पंजाब में बैंकों में कामकाज नहीं होगा.
जून के आखिरी सप्ताह में बैंक ग्राहकों को सबसे ज्यादा ध्यान देने की जरूरत होगी. मुहर्रम और वीकेंड एक साथ पड़ने के कारण कई शहरों में लगातार छुट्टियां रहेंगी.
- 25 जून: मुहर्रम : विजयवाड़ा में बैंक बंद रहेंगे.
- 26 जून: मुहर्रम और आशुरा : दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, लखनऊ, पटना, हैदराबाद, बेंगलुरु, भोपाल, रांची और श्रीनगर समेत कई बड़े शहरों में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी.
- 27 जून: चौथा शनिवार: देशभर में बैंक अवकाश रहेगा.
- 28 जून: रविवार : साप्ताहिक छुट्टी के कारण पूरे देश में बैंक बंद रहेंगे.
इस तरह कई शहरों में लगातार चार दिन तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रह सकती हैं.
- 29 जून: संत गुरु कबीर जयंती : शिमला में बैंक बंद रहेंगे.
- 30 जून: रेमा नी फेस्टिवल : आइजोल में बैंक शाखाओं में कामकाज नहीं होगा.
हालांकि बैंक शाखाओं में छुट्टी रहेगी, लेकिन ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग सेवाओं को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है. UPI, नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और एटीएम सेवाएं सामान्य रूप से काम करती रहेंगी. Google Pay, PhonePe, Paytm और BHIM जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए पैसे भेजने और भुगतान करने की सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी. इसके अलावा डेबिट और क्रेडिट कार्ड से भुगतान, ऑनलाइन फंड ट्रांसफर और ATM से कैश निकासी जैसी सेवाएं भी चालू रहेंगी.
एक्सपर्ट सलाह देते हैं कि अगर जून में आपको बैंक शाखा से जुड़ा कोई जरूरी काम करना है, तो छुट्टियों की सूची पहले ही चेक कर लें. खासकर महीने के आखिरी सप्ताह में लॉन्ग वीकेंड के कारण भीड़ बढ़ सकती है. अगर संभव हो, तो KYC अपडेट, ड्राफ्ट, चेक जमा करने और लॉकर विजिट जैसे काम पहले ही निपटा लेना बेहतर रहेगा.

