RCB Playoff Qualification Scenario: आईपीएल 2026 अब उस स्टेज पर पहुंच चुका है जहां से हर मुकाबला प्लेऑफ के लिहाज से काफी अहम है. इस स्टेज पर 1-2 हार से प्लेऑफ का सारा समीकरण बदल जाता है.
गुरुवार (30 अप्रैल) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 4 विकेट से हरा दिया. वैसे तो रजत पाटीदार की अगुवाई वाली टीम की इस सीजन में ये सिर्फ तीसरी हार है, लेकिन ये टूर्नामेंट जिस स्टेज पर है, वहां जीत पर ब्रेक लगना डिफेंडिंग चैंपियन के लिए महंगा साबित हो सकता है. आरसीबी ने अभी तक 9 मुकाबले खेले हैं. 6 में उन्हें जीत मिली है, जबकि 3 में हार का सामना करना पड़ा है. गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में बेंगलुरु के बल्लेबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा. आईपीएल 2026 में पहली बार आरसीबी की टीम ऑलआउट हो गई. गुजरात टाइटंस ने 156 रनों का पीछा 25 गेंद शेष रहते कर लिया.
गुजरात टाइटंस के खिलाफ करारी शिकस्त से आरसीबी का मनोबल भी हिला होगा. ये टूर्नामेंट अब जिस मोड़ पर खड़ा है, वहां एक हार से प्लेऑफ की राहें मुश्किल हो जाती है. आईपीएल के 19 सालों के इतिहास में हमने कई बार ऐसा होते देखा है जब आधा सफर तय करने के बाद भी टीमें पिछड़ जाती है. हालांकि, आरसीबी के लिए काम अभी भी ज्यादा मुश्किल नहीं है, लेकिन अगर उन्हें अगले मैच में भी हार का सामना करना पड़ा तो प्लेऑफ का समीकरण पूरी तरह से बदल जाएगा.
आईपीएल के पिछले 2-3 सालों का इतिहास देखें तो प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए कम से कम 16 अंक जरूरी है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खाते में फिलहाल 6 जीत के साथ 12 अंक हैं. RCB प्लेऑफ के पास तो पहुंच चुकी है, लेकिन अभी भी टॉप-4 में क्वालीफाई करने से दो जीत दूर है. आरसीबी का अगला मुकाबला गुरुवार, 7 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ होगा. अगर इस मैच में भी रजत पाटीदार एंड कंपनी को हार मिलती है तो उनपर काफी दबाव बढ़ जाएगा.
गुरुवार, 7 मई: बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स, इकाना स्टेडियम (लखनऊ)
रविवार, 10 मई: बनाम मुंबई इंडियंस, शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम (रायपुर)
बुधवार, 13 मई: बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स, शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम (रायपुर)
रविवार, 17 मई: बनाम पंजाब किंग्स, धर्मशाला
शुक्रवार, 22 मई: बनाम सनराइजर्स हैदराबाद, राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम (हैदराबाद)
गुरुवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मैच की बात करें तो गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. आरसीबी की शुरुआत दमदार हुई. विराट कोहली ने कगिसो रबाडा के पहले ओवर में 5 चौके जड़ते हुए 20 रन बटोर लिए. हालांकि, साउथ अफ्रीकी गेंदबाज ने अगले ओवर में उन्हें आउट कर बदला ले लिया. जैकब बेथेल एक बार फिर कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके. विराट कोहली (28 रन) और बेथेल (05 रन) बनाकर आउट हो गए. नंबर-3 पर उतरे देवदत्त पडिक्कल ने 40 रनों की अच्छी पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से समर्थन नहीं मिला. आरसीबी की टीम 155 रनों पर ढेर हो गई. गुजरात की तरफ से तेज गेंदबाज अरशद खान ने सबसे अधिक 3 विकेट चटकाए.
156 रनों का पीछा करते हुए कप्तान शुभमन गिल ने गुजरात टाइटंस को तूफानी शुरुआत दिलाई. हालांकि, उनके पार्टनर साई सुदर्शन सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए. भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट लेकर आरसीबी को मैच में थोड़ी वापसी कराई, लेकिन शुभमन ने 18 गेंदों पर 43 रनों की शानदार पारी खेलकर भुवी के कहर पर पानी फेरने का काम किया. उनके आउट होने के बाद जोस बटलर ने भी आक्रामक तेवर दिखाए और 19 गेंदों पर 39 रन बना दिए. गुजरात टाइटंस ने 6 विकेट खोकर 25 गेंद शेष रहते 156 रनों का पीछा कर लिया.

