Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
ISI के लिए 'जासूसी' कर रहा था दिल्ली का कपल, 8 सिम से ऐसे खुला पूरा खेल

ISI के लिए 'जासूसी' कर रहा था दिल्ली का कपल, 8 सिम से ऐसे खुला पूरा खेल

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) से जुड़े एक जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. स्पेशल सेल ने ISI के लिए 'जासूसी' करने के आरोप में दिल्ली के एक कपल को गिरफ्तार किया है.

इस मामले में गिरफ्तार आरोपी का नाम साहिल है. साहिल के साथ उसकी पत्नी, 21 साल की समीरा को भी गिरफ्तार किया गया है. आरोप है कि दोनों पाकिस्तान में मौजूद खुफिया एजेंटों के संपर्क में थे और उन्होंने भारत से जुड़ी सेंसिटिव जानकारियां हासिल करने में ISI की मदद की. अधिकारियों के मुताबिक जांच में दिल्ली से लेकर कराची और इस्लामाबाद तक का कनेक्शन सामने आया है. पता चला है कि पाकिस्तानी हैंडलर कथित तौर पर इस कपल को पैसे भेजते थे.

इंडिया टुडे से जुड़े हिमांशु मिश्रा की रिपोर्ट में पुलिस के हवाले से बताया गया कि साहिल और समीरा ने 2024 और 2025 के बीच 8 भारतीय सिम कार्ड लिए. इन सिम कार्ड्स को वो उन्हें दुबई के रास्ते पाकिस्तान भेजा करते थे. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, इस काम के लिए उन्हें पाकिस्तानी हैंडलर्स से 30 हजार रुपये मिले थे. पुलिस ने बताया कि इन नंबरों का इस्तेमाल पाकिस्तान में वॉट्सऐप अकाउंट एक्टिवेट करने के लिए किया गया था. आरोप है कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों ने इन अकाउंट्स का इस्तेमाल भारत में लोगों से संपर्क करने और संवेदनशील जानकारी जुटाने के लिए किया.

इनमें से कुछ अकाउंट्स का इस्तेमाल भारत के वॉट्सऐप ग्रुप्स में शामिल होने के लिए भी किया गया. यहां भी पाकिस्तानी एजेंटों ने जानकारी हासिल करने की कोशिश की. जांच में यह भी पता चला है कि पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड कम्युनिकेशन प्लेटफॉर्म के जरिए भारत में लोगों से बातचीत कर रहे थे. इनमें कथित ओवरग्राउंड वर्कर्स (OGWs) और स्लीपर सेल्स भी शामिल थे.

पुलिस का आरोप है कि साहिल भारत के अलग-अलग हिस्सों में मौजूद छावनियों की रेकी के लिए लोग भर्ती करने वाला था. रेकी करने, जासूसी और फील्ड ऑपरेशन के लिए लोगों को भर्ती करने का काम साहिल के जिम्मे था. साथ ही साहिल ने कथित तौर पर कोर्ट-मार्शल की कार्यवाही का सामना कर रहे सेना के जवानों के बारे में जानकारी दी थी. पुलिस ने कहा,

जांच से पता चलता है कि यह नेटवर्क सिर्फ सामान्य जानकारी जुटाने तक सीमित नहीं था. बल्कि भारतीय रक्षा संस्थानों और आर्मी की गतिविधियों के बारे में संवेदनशील जानकारी भी हासिल करने की कोशिश कर रहा था.

स्पेशल सेल ने सबसे पहले दिल्ली के सराय काले खां इलाके से एक गिरफ्तारी की. स्पेशल सेल ने चांद बीबी कैंप से साहिल को गिरफ्तार किया. उसके मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच की गई. जांच में कथित तौर पर पाकिस्तानी एजेंटों के साथ हुई बातचीत का पता चला. बातचीत के आधार पर जांचकर्ताओं ने नेटवर्क का और पता लगाया. इसके बाद एजेंसियों को समीरा की कथित भूमिका के बारे में जानकारी मिली.

(यहां भी पढ़ें: आधी उम्र के ISI एजेंट से प्यार... जब RAW ने सूचना लीक कर पकड़ी पाकिस्तान की जासूस माधुरी गुप्ता)

पुलिस ने समीरा को गिरफ्तार कर लिया. उसके मोबाइल फोन में कथित तौर पर साहिल और पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स के बीच हुई वॉट्सऐप चैट मिली. पुलिस के मुताबिक, साहिल 2024 में इंस्टाग्राम के जरिए पहली बार एक पाकिस्तानी एजेंट के संपर्क में आया था. यह संपर्क भी कथित तौर पर समीरा ने ही करवाया था. बाद में पाकिस्तानी एजेंट ने इस कपल को पाकिस्तान के एक खुफिया ऑपरेटिव से मिलवाया. पाकिस्तानियों ने कथित तौर पर इस कपल को पैसे का लालच देकर नेटवर्क के लिए काम करने के लिए राजी कर लिया.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News Himachali Hindi