Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
23 मई की रात 2 बजे आई कार और फिर गायब हो गया कपिल... लिव-इन रिलेशनशिप का ये मामला सच में बेहद डरावना है

23 मई की रात 2 बजे आई कार और फिर गायब हो गया कपिल... लिव-इन रिलेशनशिप का ये मामला सच में बेहद डरावना है

News Tak 1 week ago

Sri Ganganagar Kapil Jindal chemist murder murder case: कहते हैं इश्क जब जुनून बन जाए और जुनून जब नफरत की शक्ल अख्तियार कर ले, तो फिर घर नहीं बसते, सिर्फ लाशें बिछती हैं. राजस्थान के श्रीगंगानगर से सामने आई सनसनीखेज वारदात किसी थ्रिलर फिल्म की स्क्रिप्ट जैसी है.

जिस महिला के साथ एक शख्स ने अपनी जिंदगी बिताने और घर बसाने का ख्वाब देखा था, उसी ने अपने बेटों और दामाद के साथ मिलकर उसकी खौफनाक मौत की कहानी लिख दी. क्या है पूरा मामला चलिए जानते हैं इस खबर में...

आधी रात का वो खौफनाक मंजर...

यह पूरी कहानी 36 साल के केमिस्ट कपिल जिंदल की है. कपिल शहर में एक मेडिकल स्टोर चलाते थे. वे पिछले कुछ समय से 55 वर्षीय सुखविंदर कौर उर्फ राधिका नाम की महिला के साथ वार्ड नंबर 48 में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे. इस बीच 23 मई 2026 की रात घड़ी में करीब 2 बज रहे थे. अचानक घर के बाहर एक कार आकर रुकती है. कार से कुछ लोग उतरते हैं और घर के अंदर दाखिल होते हैं और फिर शुरू होता है मौत का तांडव.

हमलावरों ने कपिल जिंदल के साथ बेरहमी से मारपीट की और उन्हें जबरन अगवा कर अपने साथ ले गए. जब पड़ोसी और स्थानीय जनप्रतिनिधि रात को पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे तो कमरे का नजारा देखकर पैर तले जमीन खिसक गई. बेड पर चारों तरफ खून बिखरा हुआ था, कमरे के पर्दे खून से सने थे और सीढ़ियों पर भी खून की बूंदें टपक रही थीं.

प्रेमिका का वो 'झूठा नाटक' जिसने पुलिस को चौंकाया

घटना के कुछ देर बाद कपिल की पार्टनर सुखविंदर कौर वापस लौटती है और पुलिस के सामने एक मनगढ़ंत कहानी गढ़ती है. वह दावा करती है कि किडनैपर्स उसे भी अपने साथ ले गए थे, लेकिन आधे रास्ते में उसे छोड़ दिया. पहली नजर में यह मामला सिर्फ अपहरण का लग रहा था, लेकिन जब पुलिस ने सुखविंदर की कॉल डिटेल्स, सीसीटीवी फुटेज और बयानों की कड़ियों को जोड़ा, तो कहानी पूरी तरह पलट गई.

तीसरी शादी, 55 की उम्र और बेटों-दामाद के साथ खूनी साजिश!

जांच में खुलासा हुआ कि कपिल और सुखविंदर के बीच पिछले कुछ दिनों से भयंकर विवाद चल रहा था. सुखविंदर ने कपिल को रास्ते से हटाने के लिए एक ऐसी साजिश रची, जिसमें उसने अपने सगे बेटों, दामाद और उनके साथियों को शामिल कर लिया.

पुलिस के मुताबिक, सुखविंदर की पहले भी शादियां हो चुकी थीं. सुखविंदर का दामाद पुलिस की गिरफ्त में आया, तो उसने पूरी खूनी कहानी उगल दी. उसने बताया कि 23 मई की रात ही कपिल की हत्या कर दी गई थी और सबूत मिटाने के लिए लाश को संगरिया रोड के पास इंदिरा गांधी नहर में फेंक दिया गया था.

3 दिन बाद रस्सियों से बंधी मिली लाश

हत्या के तीन दिन बाद यानी 26 मई को मसीता वाली हेड के पास नहर के कचरे में फंसी हुई एक लाश बरामद हुई. जब लाश को बाहर निकाला गया, तो देखने वालों की रूह कांप गई. यह लाश कपिल जिंदल की ही थी, जिसके हाथ-पैर रस्सियों से बेरहमी से बंधे हुए थे.

स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि आरोपी महिला बेहद शातिर है. वह पहले भी कई लड़कों को इस तरह गुमराह कर चुकी है. कपिल के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है कि जिस महिला को कपिल ने अपना सब कुछ माना, उसी ने उसे मौत के घाट उतरवा दिया.

6 आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

श्रीगंगानगर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस मामले में मुख्य आरोपी सुखविंदर कौर सहित कुल 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस जघन्य हत्याकांड में क्या कुछ और लोग भी पर्दे के पीछे शामिल थे. जिसे कपिल अपना प्यार समझता रहा, आखिरकार उसी प्यार ने उसे मौत का ऐसा तोहफा दिया जिसे देख पूरा राजस्थान दहल उठा है.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News Tak